हावड़ा-मुंबई रूट पर पटरियों पर आया 11 हाथियों का झुंड, डेढ़ घंटे थमे रहे आजाद हिंद सहित कई ट्रेनों के पहिए
चक्रधरपुर रेल मंडल में बंडामुंडा-बिसरा के बीच हाथियों के झुंड के कारण हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग पर डेढ़ घंटे तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग पर डेढ़ घंटे तक परिचालन बाधित।
बंडामुंडा-बिसरा के बीच 11 जंगली हाथियों का झुंड।
यात्रियों की सुरक्षा हेतु ट्रेनों का परिचालन रोका गया।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत बंडामुंडा ए कैबिन से बिसरा स्टेशन के बीच अप, डाउन और थर्ड रेल लाइन के आसपास हाथियों के झुंड के विचरण करने की सूचना पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया।
सुरक्षा की दृष्टि से रेल प्रशासन ने हावड़ा-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर करीब डेढ घंटे तक ट्रेनों का परिचालन रोक दिया, जिससे कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर फंसी रहीं।
हाथियों के कारण परिचालन बंद रहने से लंबी दूरी की कई एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित हुईं, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
तड़के 1:20 बजे मिली हाथियों की सूचना
रेल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की अहले सुबह लगभग 01:20 बजे सूचना मिली कि बंडामुंडा स्टेशन के ए कैबिन से बिसरा स्टेशन के बीच अप, डाउन और थर्ड रेल लाइन के पास 11 जंगली हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है।
हाथियों की संख्या और उनकी पटरियों से निकटता को देखते हुए रेलवे ने तत्काल प्रभाव से ट्रेनों के पहिए 01:25 बजे से रोक दिए । यह अवरोध अहले सुबह 02:57 बजे तक जारी रहा। जब हाथियों का झुंड सुरक्षित रूप से रेल लाइन से दूर चला गया, तब जाकर परिचालन पुनः बहाल किया गया।
सुरक्षा को दी प्राथमिकता
चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरीह ने कहा कि जंगली हाथियों के क्षेत्र में मौजूदगी के दौरान ट्रेनों की गति या परिचालन को जारी रखना जोखिम भरा हो सकता था।
हाथियों और ट्रेन की टक्कर को रोकने तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रोटोकॉल के तहत यह कदम उठाया गया। सुबह 02:57 बजे ट्रैक क्लियर होने के बाद ही ट्रेनों को गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
ये प्रमुख ट्रेनें हुईं प्रभावित
- ट्रेन नंबर 12129 पुणे - हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस को बंडामुंडा में 02 घंटे रोक कर रखा गया था।
- ट्रेन नंबर 12151 मुबई एलटीटी -शालीमार समरसता सुपरफास्ट एक्सप्रेस को बंडामुंडा में 01:15 मिनट तक रोक कर रखा गया था।
- ट्रेन नंबर 18190 एर्नाकुलम - टाटानगर एक्सप्रेस को राउरकेला में 01:10 मिनट तक रोक कर रखा गया था।
- ट्रेन नंबर 13352 आलप्पुऴा - धनबाद एक्सप्रेस काे राउरकेला में 30 मिनट तक रोक कर रखा गया था।
- ट्रेन नंबर 12809 मुम्बई सीएसएमटी - हावड़ा मेल काे पानपोस और राउरकेला के बीच 30 मिनट रोका गया था।
- ट्रेन नंबर 03254 चर्लपल्ली - पटना विशेष किराया स्पेशल पानपोस और राउरकेला के बीच 30 मिनट रोका गया था।
- ट्रेन नंबर 12810 हावड़ा - मुंबई सीएसएमटी मेल काे बिसराऔर राउरकेला के बीच 30 मिनट रोका गया था।
- ट्रेन नंबर 12102 शालीमार - एलटीटी मुंबई ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस को भालुलता स्टेशन में 30 मिनट तक रोका गया था।
यह भी पढ़ें- रायगड़ा मंडल में लैंडस्लाइड: 3 से 8 अक्टूबर तक राउरकेला-जगदलपुर समेत 4 ट्रेनें रद, 6 ट्रेनों के रूट में कटौती
