प्रताप पिगुवा की दोस्त ने ही कर दी थी हत्या, आरोपित गया जेल
जांगीबुरु घाटी के नीचे डेबराबीर निवासी था प्रताप पुलिस ने किया खुलासा
संवाद सूत्र, तांतनगर : सिंहपोखरिया-बलंडिया मुख्य सड़क के जंगीबुरू घाटी के नीचे डेबराबीर गांव के पास से जिस प्रताप पिगुवा का शव पुलिस ने बरामद किया था। उसकी मृत्यु सड़क दुर्घटना से नहीं बल्कि उसकी हत्या हुई थी। उसके ही दोस्त टांगराई गांव के रहने वाले जयराम दोराईबुरु ने उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद साक्ष्य को छुपाने की नियत से डेबराबीर गांव के पास सड़क किनारे शव फेंक दिया था। पुलिस ने इसका खुलासा करते हुए आरोपित जयराम दोराईबुरु को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। पुलिस के समक्ष अपराध स्वीकार करते हुए आरोपित जयराम ने बताया कि तीन साल पहले प्रताप के साथ उसकी दोस्ती हुई थी। घटना के दिन आरोपित जयराम के घर दोनों लोगों ने मिलकर जमकर शराब पी थी। इसके बाद नशे की हालत में दोनों लोग एक बाइक पर सवार होकर डेबराबीर गांव आ रहे थे। बाइक आरोपित जयराम की थी। लेकिन प्रताप उसे चला रहा था। नशे में होने के कारण टांगराई-पुकरीपी जाने वाली सड़क पर दोनों लोग गिर पड़े। गिरने के कारण बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों मारपीट करने लगे। गुस्से में आकर आरोपित जयराम ने बाइक के सॉकर रॉड से उसके सिर पर प्रहार कर दिया। जिसके कारण उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपित जयराम ने इसे दुर्घटना का रूप देने के लिए वहां से करीब दो किलोमीटर दूर डेबराबीर गांव के समीप उसे ले जाकर सड़क किनारे फेंक दिया। जिससे लगे की सड़क दुर्घटना में उसकी मौत हुई है।