Move to Jagran APP

भाजपा नाथूराम गोडसे के रास्ते पर चलने वाली पार्टी : लखमा

पश्चिम सिंहभूम के जगन्नाथपुर से कांग्रेस ने कोल्हान में चुनावी अभियान का बुधवार को आगाज किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने भाजपा और इसके सरकार के मुखिया पर करारा हमला बोला और कहा कि अगर सरकार ने काम किया है तो मुख्यमंत्री को गली-गली दौड़ने की जरूरत क्यों पड़ रही है।

By JagranEdited By: Published: Wed, 23 Oct 2019 08:48 PM (IST)Updated: Thu, 24 Oct 2019 06:32 AM (IST)
भाजपा नाथूराम गोडसे के रास्ते पर चलने वाली पार्टी : लखमा
भाजपा नाथूराम गोडसे के रास्ते पर चलने वाली पार्टी : लखमा

संवाद सूत्र, जगन्नाथपुर : पश्चिम सिंहभूम के जगन्नाथपुर से कांग्रेस ने कोल्हान में चुनावी अभियान का बुधवार को आगाज किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने भाजपा और इसके सरकार के मुखिया पर करारा हमला बोला और कहा कि अगर सरकार ने काम किया है तो मुख्यमंत्री को गली-गली दौड़ने की जरूरत क्यों पड़ रही है। रस्सेल उच्च विद्यालय के मौलानगर मैदान में कांग्रेस की कोल्हान प्रमंडल स्तरीय जनाक्रोश महारैली को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार के वाणिज्य कर व उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि भाजपा की सरकार हिन्दुस्तान को लूटने वाली पार्टी है। यह कहीं भी रहेगी, गरीब आदिवासियों के हक को मारेगी। भाजपा नाथूराम गोडसे के रास्ते में चलने वाली पार्टी है। देश के प्रधानमंत्री ने देश की जनता को धोखा दिया। उन्होंने देश की जनता को 15 लाख रुपये देने का वादा किया था। लेकिन 15 पैसा भी जनता को नहीं मिला। नोटबंदी कर गरीबों के पेट पर डाका डालने वाली पार्टी है भाजपा। हिन्दुस्तान में किसानों का कर्ज माफ करने वाली कांग्रेस पहली सरकार है। हमारी छत्तीसगढ़ सरकार नमक के साथ-साथ आंगनबाड़ी में गुड़ व गर्म खाना भी देती है। छत्तीसगढ़ व झारखंड एक साथ बना पर विकास का अंतर देखिए। लोकतंत्र व पंचायती राज्य व्यवस्था की हत्या करने का काम भाजपा सरकार ने किया। झारखंड में बेरोजगारी बढ़ती ही जा रही है। पूरा हिन्दुस्तान कर्ज में डूबा है। सरकार विश्व बैंक से कर्ज ले रही है। पीएम नरेंद्र मोदी के पास सिर्फ भाषण है, काम कुछ नहीं। धान का रेट बढ़ाना है तो कांग्रेस की सरकार बनानी होगी। आपके वोट से कानून बदलेगा। भाजपा के जितने बड़े नेता बने हैं कांग्रेस में पले और बढ़े हैं और आज कांग्रेस को पानी पी-पीकर गाली देते हैं। एक घर में 10 आदमी रहेगा तो हमारी सरकार 70 किलो चावल देगी। छत्तीसगढ़ में यह सुविधा दी जा रही है।

loksabha election banner

बेईमानों का खास रघुवर दास : आरपीएन सिंह

कांग्रेस के झारखंड प्रभारी सह पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री आरपीएन सिंह ने कहा कि बेईमानों का अगर कोई खास है तो वो रघुवर दास है। रघुवर दास ने अगर झारखंड में विकास किया है तो फिर क्यों जोहार आशीर्वाद यात्रा के बहाने गली-गली घूम रहे हैं। झारखंड अलग राज्य के बाद जनता ने जो सपना देखा है वो कांग्रेस सरकार ही पूरा कर सकती है। इस बार के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को करारा जवाब देने के लिए तैयार है।

----- प्रदेश प्रभारी अध्यक्ष केशव महतो ने कहा कि भाजपा सरकार ने कोल्हान की वन संपदा को लूटने का काम किया है। पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि देश व राज्य की स्थिति बहुत गड़बड़ हो गई है। कांग्रेस की सरकार किसानों व नौजवानों के साथ थी। वर्तमान सरकार भाषण की सरकार है। उन्होंने कहा कि कोल्हान की धरती उलगुलान की धरती रही है। यह रैली राज्य की दिशा व दशा तय करेगी।

------------------------

किसान आशीर्वाद योजना छलावा : चित्रसेन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद चित्रसेन सिकु ने कहा कि झारखंड के दरवाजे पर चुनाव दस्तक दे चुका है। जनता को सतर्क हो जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसान आशीर्वाद योजना मात्र छलावा है। सरकार शिकारी बनकर जाल बिछा रही है और जनता को फंसाने की कोशिश कर रही है।

----------------

डीएमएफटी फंड का 570 करोड़ डीसी ने सीएम के पास किया ट्रांसफर : बालमुचू

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि भाजपा सरकार ईमानदार नहीं है। डीएमएफटी फंड का 570 करोड़ रुपया कोल्हान से यहां के डीसी ने मुख्यमंत्री के पास ट्रांसफर कर दिया। यह जनता के हित व विकास का पैसा है। उन्होंने कहा कि पांच साल बीत गए लेकिन कोल्हान की जनता को लाल पानी से मुक्ति नहीं मिली।

--------------------

पांच साल में भी जेपीएससी परीक्षा रिजल्ट नहीं दे पाई सरकार : मधु कोड़ा

पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि यह आक्रोश रैली जनता की मांग व आवाज है। भाजपा सरकार आदिवासी मूलवासी को जमीन व उनके अधिकारों से वंचित कर रही है। मुंडा, मानकी, पाहन, प्रधान हमारे मालिक हैं और हमारे मालिक को अधिकारों से सरकार ने वंचित कर दिया। भारत में सबसे कम मजदूरी झारखंड के मजदूरों को दी जा रही है। कोड़ा ने कहा कि पांच साल के बाद भी जेपीएससी परीक्षा का रिजल्ट सरकार नहीं दे पाई। यहां के लोगों के पास रोजगार नहीं है और ठेकेदारी दूसरे राज्य के ठेकेदारों को मिल रही है। उन्होंने कहा कि बालू का अधिकार पंचायत को मिलना चाहिए। कोल्हान ऐसी भूमि है जहां कभी अंग्रेजों ने शासन नहीं किया।

------------------------

रघुवर दास बताएं कि आपको जनता क्यों आशीर्वाद देगी : गीता कोड़ा

सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि कांग्रेस वह पार्टी है जो जनता के हर सुख-दुख में साथ चलती है। उन्होंने सवाल पूछा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास जी बताएं कि आपको जनता क्यों आशीर्वाद देगी। बच्चों से शिक्षा का हक छीना और खदानों को बंद करवाकर लाखों जवानों को बेरोजगार कर दिया। गीता ने कहा कि यह सरकार हाथी उड़ा कर लैंड बैंक के नाम से जमीन उड़ा ले जा रही है। पांच साल से सरकार झूठ की बुनियाद पर खड़ी है।

---------------

सरकार बनी तो सभी की समस्याएं होंगी दूर : आलमगीर

कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि झारखंड अगल राज्य की आवाज कांग्रेस ने उठाई। कांग्रेस ने अपने-अपने हितों का त्याग कर अलग झारखंड बनवाया। उन्होंने कहा कि 19 साल में न लोगों को पीने का शुद्ध पानी मिला और न ही रोजगार। क्या इसी के लिए अलग राज्य बना। उन्होंने दावा किया कि सीएनटी-एसपीटी एक्ट में कांग्रेस के कारण संशोधन नहीं हो सका। पारा शिक्षक, आंगनबाड़ी सेविका, पुलिसकर्मी सभी वर्तमान की सरकार की नीतियों से परेशान हैं। कांग्रेस की सरकार बनी तो सबकी समस्या का समाधान होगा।

-------------------

मॉबलिंचिंग के मामले में रघुवर सरकार ने रिकार्ड बनाया : डॉ. रामेश्वर उरांव

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि बतौर एसपी चार साल कोल्हान क्षेत्र में गांव-गांव घूमा हूं। तब गांव जंगलों में बसा था। आपको कानून बनाकर जंगल से हटाया गया। कांग्रेस ने फिर कानून बनाकर लोगों को वनपट्टा का अधिकार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासियों की हितैषी नहीं है। रघुवर दास की सरकार जमीन छिनने वाली सरकार है। यहां के मिनरल फंड को रांची भेजकर उसका बंदरबांट वर्तमान सरकार ने कर दिया। जमशेदपुर में मालिकाना हक देने का वादा सरकार ने पूरा नहीं किया। इस सरकार में भूख से लोग मरे, यह हमारे लिए शर्म की बात है। मॉबलिंचिंग के मामले में सरकार ने रिकॉर्ड कायम किया है। यह भ्रष्टाचार की सरकार है और हर कार्यालय में भ्रष्टचार है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया। लेकिन झारखंड की सरकार किसानों को पांच हजार दे रही है। यह पॉकेट खर्चा है किसानों के लिए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.