PM Modi ने किया एकलव्य विद्यालय का ऑनलाइन उद्घाटन, सांसद जोबा माझी बोलीं- शिक्षा से ही तय होगा बच्चों का भविष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड स्थापना दिवस पर गोईलकेरा के डुमरिया गांव में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का ऑनलाइन उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह के दौरान सांसद जोबा माझी ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर विद्यालय का लोकार्पण किया।
HighLights
सांसद जोबा माझी ने फीता काटकर विद्यालय का लोकार्पण किया।
यह विद्यालय जनजातीय छात्रों को उच्च शिक्षा प्रदान करेगा।
जासं, गोईलकेरा। झारखंड स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर गोईलकेरा प्रखंड के शिक्षा जगत को एक बड़ी सौगात मिली है।
प्रखंड के डुमरिया गांव में नवनिर्मित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन माध्यम से उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर सिंहभूम की लोकप्रिय सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहीं।
सांसद जोबा माझी ने किया फीता काटकर लोकार्पण
उद्घाटन समारोह के दौरान सांसद जोबा माझी ने विधिवत फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर विद्यालय का लोकार्पण किया।
इस मौके पर उन्होंने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि गोईलकेरा में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की शुरुआत इस क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने कहा कि इस आवासीय विद्यालय के संचालन से सुदूरवर्ती और ग्रामीण इलाकों के जनजातीय समुदाय के छात्र-छात्राओं को उच्च स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का बेहतरीन अवसर मिलेगा, जिससे उनके आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त होगा।
अभिभावकों से बच्चों को नियमित भेजने की अपील
सांसद जोबा माझी ने उपस्थित अभिभावकों से संवाद करते हुए विशेष अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी शिक्षा के प्रति पूरी तरह गंभीर रहें।
उन्होंने जोर देकर कहा कि बच्चों की पढ़ाई से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए, क्योंकि शिक्षा ही उनके उज्ज्वल भविष्य और संपूर्ण समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार है।
विद्यालय की सुविधाओं और उद्देश्यों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक आतिश सिंह ने एकलव्य विद्यालय की स्थापना के मुख्य उद्देश्यों, वहां उपलब्ध कराई जाने वाली आधुनिक शैक्षणिक व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों को मिलने वाली आवासीय सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी जयदीप तिग्गा, एचएससीएल के अधिकारी, बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, अभिभावक एवं क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।