विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चक्रधरपुर में तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने की प्रक्रिया अटकी, तीसरी बार टली ग्रामसभा; बैरंग लौटे रेल अधिकारी

Published: Fri, 23 Oct 2026 06:51 PM (IST)

चक्रधरपुर रेल मंडल के डांगोवापोसी से जुरूली स्टेशन तक तीसरी-चौथी रेल लाइन बिछाने के लिए महुदी में आयोजित ग्रामसभा रैयतों की अनुपस्थिति के कारण स्थगित हो गई।

तीसरी बार टली ग्रामसभा। (जागरण)

तीसरी बार टली ग्रामसभा। (जागरण)

HighLights

  1. डांगोवापोसी-जुरूली रेल लाइन विस्तार हेतु ग्रामसभा स्थगित हुई।

  2. रैयतों की अनुपस्थिति के कारण रेलवे अधिकारी लौटे बैरंग।

  3. मुआवजे पर चर्चा के लिए अगली बैठक 28 अक्टूबर को।

संवाद सूत्र, नोवामुंडी (पश्चिमी सिंहभूम)। चक्रधरपुर रेल मंडल के डांगोवापोसी रेलवे उपखंड से जुरूली स्टेशन तक करीब 42 किलोमीटर लंबी तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने की प्रक्रिया में रैयतों की सहमति लेने के लिए शुक्रवार को महुदी स्टेशन बस्ती में आयोजित ग्रामसभा स्थगित कर दी गई।

रैयतों की अनुपस्थिति के कारण रेलवे अधिकारियों को बिना बैठक किए लौटना पड़ा। निर्धारित स्थल पर करीब दो घंटे तक इंतजार करने के बाद टाटानगर के इंजीनियरिंग विभाग से पहुंची चार सदस्यीय टीम जमशेदपुर लौट गई।

नोवामुंडी अंचल कार्यालय से पहुंचे अंचल निरीक्षक पंकज कुमार चंद्रा और राजस्व कर्मचारी शेखर हेंब्रम ने ग्रामसभा स्थगित होने की घोषणा की।

साथ ही अगली ग्रामसभा के लिए 28 अक्टूबर की तिथि निर्धारित की गई। यह बैठक महुदी पंचायत के शालीकुटी गांव में आयोजित होगी।

मुआवजे पर रैयतों से होनी थी चर्चा

अंचल निरीक्षक पंकज कुमार चंद्रा ने बताया कि डांगोवापोसी सेक्शन से जुरूली स्टेशन तक तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाने का प्रस्ताव है।

Noamundi Railway Line

इसके लिए चिह्नित जमीन के मालिकों से सहमति लेने और मुआवजे समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा करने के उद्देश्य से ग्रामसभा बुलाई गई थी।

महुदी गांव के ग्रामीण मुंडा अजय लागुरी की अध्यक्षता में बैठक होनी थी। उन्होंने बताया कि नोवामुंडी अंचल कार्यालय को महुदी पंचायत के प्लॉट संख्या 4973 और 4971 से संबंधित जमीन पर अतिक्रमण के दायरे में आने वाले दो रैयतों के नाम मिले हैं।

इन्हीं रैयतों को सूची के आधार पर बातचीत के लिए बुलाया गया था, ताकि मुआवजे सहित अन्य मुद्दों पर सहमति बनाकर समाधान निकाला जा सके। हालांकि, बैठक में संबंधित रैयतों के साथ क्षेत्रीय मानकी और पंचायत मुखिया भी उपस्थित नहीं हुए।

42 किमी लंबी लाइन से बढ़ेंगी रेल सुविधाएं

रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित परियोजना केंद्र सरकार की योजना है। सर्वेक्षण के दौरान चिह्नित स्थलों पर ही तीसरी और चौथी रेल लाइन बिछाई जाएगी।

इसके पूरा होने से क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और परिचालन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। रेलवे अधिकारियों की टीम शुक्रवार सुबह 11 बजे ग्रामसभा स्थल पर पहुंची थी।

रैयतों के आने का दोपहर एक बजे तक इंतजार किया गया, लेकिन किसी के नहीं पहुंचने पर टीम लौट गई। इससे पहले पदापहाड़ गांव के मुंगड़ूसाई और महुदी स्टेशन बस्ती में ग्रामसभाएं स्थगित हो चुकी हैं।

अब शनिवार को सारबिल गांव में प्रस्तावित ग्रामसभा को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। नोवामुंडी अंचल कार्यालय और जमशेदपुर रेलवे इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी इस पर नजर बनाए हुए हैं।

यह भी पढ़ें- चक्रधरपुर रेल मंडल में हादसा: पटरी से उतरा मालगाड़ी का डिब्बा, अप लाइन ठप; डाउन लाइन से गुजरीं यात्री ट्रेनें