विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोवामुंडी में जमीन के बदले नौकरी व अंडरब्रिज की मांग पर जीएम ने दिया आश्वासन, पांच घंटे इंतजार से रैयतों में नाराजगी

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:23 PM (IST)

नोवामुंडी में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन से मिलने के लिए रैयतों को पांच घंटे इंतजार करना पड़ा।

निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक ने मालुका और डांगोवापोसी स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन के ठहराव की मांग रखी।

निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक ने मालुका और डांगोवापोसी स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन के ठहराव की मांग रखी।

HighLights

  1. रैयतों ने रेलवे महाप्रबंधक से मुलाकात के लिए पांच घंटे इंतजार किया।

  2. महाप्रबंधक ने मांगों पर विचार करने और लापरवाही पर खेद जताया।

संसू, नोवामुंडी (पश्चिमी सिंहभूम)। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन और चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया के डांगोवापोसी आगमन पर पदापहाड़, सारबिल और हुटूसुड गांव के रैयतों को मुलाकात के लिए करीब पांच घंटे तक इंतजार करना पड़ा। 

डांगोवापोसी से जुरूली स्टेशन तक तीसरी और चौथी रेल लाइन के विस्तारीकरण से जुड़े विषयों को लेकर रैयतों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार सुबह 10 बजे ही डांगोवापोसी रेलवे स्टेशन पहुंच गया था। 
 
अधिकारियों के देवझर व जामकुंडिया स्टेशनों का निरीक्षण कर दोपहर 12:30 बजे डांगोवापोसी पहुंचने और विभागीय कार्यों में व्यस्त रहने के कारण ग्रामीणों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
 
दोपहर करीब तीन बजे निरीक्षण से लौटने के क्रम में पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा और झारखंड पुनरुत्थान अभियान के केंद्रीय अध्यक्ष सन्नी सिंकु ने प्लेटफॉर्म पर जीएम व डीआरएम से भेंट की। 
 
इस दौरान पूर्व विधायक ने मालुका और डांगोवापोसी स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन के ठहराव की मांग रखी। उन्होंने बड़ाजामदा में रेलवे ओवरब्रिज तथा हुटूसुड व पदापहाड़ में अंडरब्रिज निर्माण की आवश्यकता भी बताई। 
 
साथ ही वर्ष 2010-11 में पदापहाड़ से बांसपानी के बीच दोहरी रेल लाइन के लिए अधिग्रहित 16 डिसमिल जमीन के एवज में रामाय बालमुचू को अब तक नौकरी नहीं मिलने का मामला उठाया। 
 
बताया गया कि अधिग्रहण के समय रामाय नाबालिग थे और अब 26 वर्ष के हो चुके हैं। सन्नी सिंकु ने क्षेत्र में शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा स्टेशन के पास स्थित बाजारों के सौंदर्यीकरण की मांग की। 
 
उन्होंने रैयतों के पांच घंटे तक इंतजार करने पर असंतोष भी जताया। पूर्व विधायक के अनुसार, महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने कहा कि रैयतों के आने की पूर्व सूचना नहीं थी और विभागीय लापरवाही से इंतजार करना पड़ा। 
 
उन्होंने आगे से पहले मोबाइल पर संपर्क करने की बात कहते हुए सौंपे गए आवेदनों पर विचार करने का आश्वासन दिया।
 
मुलाकात के दौरान फिरोज अहमद, अशोक पान, राजेंद्र बालमुचू, लक्ष्मण बालमुचू, दुसा लागुरी समेत गणेश लागुरी, रामाय बालमुचू, सुमित लागुरी, रजनी कुटिंया मौजूद थे। वार्ता के बाद अपराह्न 3:30 बजे दोनों अधिकारी विशेष सैलून से रवाना हो गए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।