वैतरणी नदी में बहे युवक का 55 घंटा बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
चाईबासा शहर के नीमडीह निवासी बाबू मुंधड़ा का 19 वर्षीय बेटा श्रीराम मुंधड़ा की ओडिशा के करंजिया से 36 किलोमीटर दूर ठाकुरमुंडा के पास वैतरणी नदी के पानी में बह जाने के बाद 55 घंटे बीत गए लेकिन कोई सुराग नहीं मिला है।
जागरण संवाददाता, चाईबासा : चाईबासा शहर के नीमडीह निवासी बाबू मुंधड़ा का 19 वर्षीय बेटा श्रीराम मुंधड़ा की ओडिशा के करंजिया से 36 किलोमीटर दूर ठाकुरमुंडा के पास वैतरणी नदी के पानी में बह जाने के बाद 55 घंटे बीत गए लेकिन कोई सुराग नहीं मिला है। जबकि घटना बुधवार दिन के दोपहर लगभग 12 बजे की बतायी जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद चाईबासा के नीमडीह स्थित आवास पर रिश्तेदारों व करीबियों का दिन-रात आना-जाना लगा है। साथ ही करंजिया से ठाकुरमुंडा के पास वैतरणी नदी लगभग 36 किलोमीटर होने की वजह से परिवार व एनडीआरएफ की टीम सुबह जाती है और शाम को लौट आती है। इसके अलावा लगातार बारिश की वजह से वैतरणी नदी में पानी अधिक हो गया है जिसके कारण एनडीआरएफ की टीम को श्रीराम मुंधड़ा को खोजने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
करीबियों ने बताया कि करंजिया में श्रीराम मुंधड़ा की मौसी रहती है। कुछ दिन पूर्व श्रीराम मुंधड़ा की मौसी का पूरा परिवार चाईबासा के नीमडीह आया था। यहां से चार दिन पूर्व गत रविवार को श्रीराम मुंधड़ा अपने परिवार के साथ मौसी को करंजिया छोड़ने गया था। बुधवार को श्रीराम अपने परिवार के 7-8 लोगों के साथ ओडिशा के ठाकुरमुंडा के पास वैतरणी डैम घूमने गया था। वहां वैतरणी नदी के पानी से श्रीराम 4-5 युवकों के साथ जलक्रीड़ा कर रहा था। इसी क्रम में श्रीराम व एक अन्य युवक फिसलकर पानी में चले गए। एक युवक किसी तरह छटक कर पानी से निकल आया लेकिन श्रीराम मुंधड़ा पानी में बह गया। इसके बाद परिवार सकते में आ गये और स्थानीय लोगों की मदद भी ली लेकिन कोई उपाय नहीं निकला।