जगन्नाथपुर में युवक की पत्थर से कूचकर हत्या
जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के कसिरा पंचायत नरसिंहपुर निवासी लोकनाथ गोप (38) को रविवार की रात अज्ञात लोगों द्वारा पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई।
संवाद सूत्र, जैंतगढ़ : जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के कसिरा पंचायत नरसिंहपुर निवासी लोकनाथ गोप (38) को रविवार की रात अज्ञात लोगों द्वारा पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई। सोमवार को जलडिया ग्रामीण मुंडा बमिया सिकु ने जगन्नाथपुर थाना में इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही एएसाइ उमेश प्रसाद, तारकनाथ सिंह, उमेश कुमार सिंह ने दलबल के साथ घटनास्थल जलडिया व बुरुजलडिया के कच्ची सड़क के बीच में पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। जानकारी के अनुसार रविवार की रात को नरसिंहपुर गांव में शादी की पार्टी का आयोजन किया गया था। लोकनाथ अपने दोस्तों के साथ बाइक से पार्टी खाकर वहां से चला गया। उसके बाद से वह घर नहीं आया। सोमवार की अहले सुबह जलडिया के ग्रामीणों ने शव देख जानकारी ग्रामीण मुंडा को दी। लोकनाथ गोप 2002 में संत नरसिंह बालिका विद्यालय मनोहरपुर में पियून की नौकरी में नियुक्त हुआ था। एक साल चार महिने पहले बीमारी के कारण उसने काम छोड़ दिया था। मलेरिया, जॉडिस टाईफाईड होने के कारण वह मनोहरपुर से अपने गांव आ गया था। मृतक लोकनाथ गोप ने दो शादी की थी। पहली पत्नी प्रभा देवी नरसिंहपुर की है जिसका एक बेटा दो बेटी है। दूसरी पत्नी तुलसी देवी कसिरा गांव की टोला चुरलासाई में रहती है। इनका भी एक बेटा दो बेटी हैं। शव के सामने एक चप्पल व पत्थर मिला है। जगन्नाथपुर पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। एएसआइ उमेश यादव ने बताया कि जांच के क्रम में प्रकाश गोप और रमेश गोप द्वारा हत्या किए जाने का मामला पता चला है, आरोपित फरार है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। शव को कब्जे में लेकर चाईबासा पोस्टमार्टम करने भेज दिया।