तीन बच्चों की मां ने केरोसीन डालकर आग लगा कर ली आत्महत्या
जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के बनकाटी गांव में तीन बच्चों की मां ने शरीर में केरोसीन डालकर आग लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं घटना के दौरान पत्नी को बचाने में मृतक के पति के शरीर का कई अंग जल गया।
संवाद सूत्र, जगन्नाथपुर : जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के बनकाटी गांव में तीन बच्चों की मां ने शरीर में केरोसीन डालकर आग लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं घटना के दौरान पत्नी को बचाने में मृतक के पति के शरीर का कई अंग जल गया। घटना बीते शनिवार रात करीब साढ़े सात बजे की है। जगन्नाथपुर पुलिस को रविवार सुबह घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही थाना के सहायक पुलिस अवर निरीक्षक तारकनाथ सिंह, दिलीप कुमार दलबल के साथ बनकाटी गांव के ऊपर टोला पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर थाना ले आई और कागजी प्रक्रिया के बाद सदर अस्पताल चाईबासा पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया। मृतक महिला का नाम सुमन देवी उम्र करीब 29 वर्ष है। मृतका के पति कृष्णाचंद्र गोप ने बताया कि वह शाम करीब साढ़े सात बजे अपने घर के बाहर बैठा था। उस वक्त घर में बिजली नहीं थी। अचानक आग की अत्यधिक रोशनी घर के अंदर दिखी तो दौड़कर घर के अंदर घुसा। तब उसने देखा कि उसकी पत्नी के शरीर में आग जल रही थी। उसने पत्नी को काफी बचाने की कोशिश की लेकिन वह बचा नहीं पाया। घटना में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पति अपनी पत्नी को बचाने के दौरान बुरी तरह से जल गया। हालांकि वह बच गया है। कितु उसका एक हाथ बुरी तरह से जल गया। वहीं चेहरा व हाथ-पैर के कई हिस्सों में आग के कारण जख्म हो गए है। पुलिस ने घायल कृष्णाचंद्र गोप का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार कराया है। पूछताछ के लिए पुलिस ने पीड़ित परिवार के कुछ लोगों को बुलाकर घटना की जानकारी ली है। मृतक महिला के तीन बच्चे हैं। घायल पति कृष्णा चंद्र गोप गांव में छोटी सी राशन दुकान चलाता है।