अत्याचारी बेटे को मा ने उतारा मौत के घाट
संसू, बड़बिल : ओडिशा के क्योंझर जिले के बामेबारी थाना क्षेत्र स्थित बेलदा गांव के मुंडासाही में एक मां ने अपने नशेड़ी व अत्याचारी बेटे की पीटकर हत्या कर दी।
संसू, बड़बिल : ओडिशा के क्योंझर जिले के बामेबारी थाना क्षेत्र स्थित बेलदा गांव के मुंडासाही में एक मां ने अपने नशेड़ी व अत्याचारी बेटे की पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को जब्तकर हत्या के आरोप में मां चारिबा मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल उस जलावन की लकड़ी को भी बरामद कर लिया है, जिससे प्रहार कर हत्या की गई।
बामेबारी पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय मंगल मुंडा नशेड़ी था। नशे में धुत होकर वह अक्सर घर में मां और बहन से झगड़ा करता था। गुरुवार देर रात वह घर पहुंचा। किसी बात को लेकर मां व बहन से झगड़ा करने लगा। इसी क्रम में बहन और मां पर उसने हथियार से हमला कर दिया। बचाव के लिए मां चिरिबा मुंडा ने जलावन वाली लकड़ी से मंगल के सिर पर जोरदार प्रहार किया। चोट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को थाना प्रभारी मनोज कुमार राउत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को जब्त कर जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मां चारिबा मुंडा से पूछताछ कर रही है। मां ने पुलिस से कहा कि वह बेटे के अत्याचार से तंग आ गई थी। वह नशे का आदी हो गया था। उसने जानबूझकर हत्या नहीं की। बेटी और स्वयं के बचाव के लिए उसने प्रहार किया और उसकी मौत हो गई।