माहुरी वैश्य मंडल की ओर से मां मथुरासिनी महोत्सव 17 मार्च से
माहुरी वैश्य मंडल माहुरी वैश्य नवयुवक समिति व माहुरी वैश्य महिला समिति की संयुक्त बैठक स्थानीय माहुरी भवन चाईबासा में हुई।
जागरण संवाददाता, चाईबासा : माहुरी वैश्य मंडल, माहुरी वैश्य नवयुवक समिति व माहुरी वैश्य महिला समिति की संयुक्त बैठक स्थानीय माहुरी भवन चाईबासा में हुई। इसकी शुरुआत समिति के उपाध्यक्ष सुजीत राम ने मां मथुरासिनी के जयकारे के साथ की। बैठक की अध्यक्षता माहुरी वैश्य मंडल के सचिव अजय प्रसाद ने करते हुए कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मां मथुरासिनी महोत्सव 17 मार्च से शुरू होने जा रहा है जो 21 मार्च को खिचड़ी भोग के साथ समाप्त होगा। मंडल के कोषाध्यक्ष प्रमोद प्रसाद ने बीते वित्तीय वर्ष का लेखा-जोखा एवं आय-व्यय के बारे विस्तृत जानकारी दी। मंडल के अध्यक्ष दिलीप राम ने बताया कि विगत पंद्रह वर्षों से हो रहे मां मथुरासिनी महोत्सव के बारे में समाज के लोगों को विस्तार से पूरी जानकारी मुहैया कराई और उन्होंने यह भी बताया कि इस दौरान उन्होंने और उस समय के समिति के साथ क्या-क्या परेशानियां आयी। इसके बाद भी माता के आशीर्वाद, समिति और समाज के सभी सदस्यों के सहयोग से यह महोत्सव सुचारू रूप से होता आ रहा है। उन्होंने इस वर्ष होने वाले महोत्सव के बारे विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इस वर्ष पूजा 17 मार्च को शुरू होगी। 17 मार्च को कलश स्थापना, पूजा अर्चना, आरती, प्रसाद वितरण, संध्या भजन एवं आरती, 18 मार्च को प्रात: पूजा-अर्चना, कन्या पूजन, संध्या में छप्पन भोग एवं आरती का आयोजन किया जाएगा। 19 मार्च को प्रात: पूजा अर्चना, हवन, संध्या आरती। 20 मार्च को प्रात: पूजा-अर्चना, आरती, भंडारा एवं शोभा यात्रा एवं प्रतिमा विसर्जन का आयोजन किया गया है। पूजन कार्य के सफल संचालन के लिए एक कार्य समिति बनाई गई है जिसके संयोजक अमरेश प्रसाद एवं सह संयोजक संजय कुमार को बनाया गया है। समिति के कोष का जिम्मा प्रमोद प्रसाद एवं सिद्धेश्वर प्रसाद को दिया गया। इसके अलावा समिति में अरुण कुमार चंद्रा, राजकिशोर राम, प्रमोद कुमार, संजय प्रसाद, उमेश प्रसाद, अनिल कुमार, पवन कुमार राम, संदीप राम, राजेश प्रसाद एवं अन्य को शामिल किया गया है। बैठक को संबोधित करते हुए नवयुवक समिति के अध्यक्ष सर्वेश प्रसाद ने कहा कि धूमधाम से विभिन्न झांकियों के साथ माता की शोभा यात्रा निकाला जाएगा। माहुरी वैश्य मंडल के संरक्षक अशोक भदानी ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।