अंधेरे में शोर मचा तो भाग निकले 5 चोर, 10 लाख का माल साफ; रात की गश्त पर भड़के ग्रामीण
पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव में एक घर से करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी हो गई, जब परिवार जलसा में गया था।

मझगांव में चोरी की घटना के बाद घर में बिखरे पड़े सामान।
HighLights
मझगांव में घर से 10 लाख के आभूषण, नकदी चोरी।
परिवार के जलसा में जाने पर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम।
ग्रामीणों में दहशत, रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की।
संसू, मझगांव। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव में बुधवार की रात परिवार के साथ जलसा में गए एक व्यक्ति के घर का ताला तोड़कर चोर करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए।
घटना के दौरान चार से पांच चोरों को घर से भागते हुए देखा गया। इस वारदात के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मझगांव निवासी मो. नसीम बुधवार शाम करीब छह बजे अपने परिवार के साथ मझगांव प्रखंड के खड़पोस में आयोजित जलसा में शामिल होने गए थे।
घर में ताला बंद था। इसी दौरान मौका पाकर चोरों ने सुनसान घर को निशाना बनाया। चोरों ने मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखी अलमारी व गोदरेज को तोड़कर नकदी तथा सोने-चांदी के गहने निकाल लिए।
इस बीच, आसपास के कुछ लोग खेतों में धान की रखवाली कर रहे थे। रात करीब आठ बजे उन्हें घर के अंदर से आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर लोगों ने शोर मचाया तो घर से चार-पांच चोर बाहर निकलकर भागने लगे। ग्रामीणों ने उन्हें भागते देखा, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वे फरार हो गए। इसके बाद पड़ोसियों ने मोबाइल फोन के जरिए मो. नसीम को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही नसीम जलसा छोड़कर परिवार सहित घर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजा, दूसरा दरवाजा और अलमारी टूटी हुई है तथा नकदी व कीमती आभूषण गायब हैं।
परिजनों के मुताबिक, चोरी हुए सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। जांच के दौरान घटनास्थल के पास एक मोबाइल फोन भी फेंका हुआ मिला है।
स्थानीय लोगों के बीच इसे लेकर गांव के कुछ युवकों की संलिप्तता की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूचना मिलने पर मझगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र के एक-दो अन्य घरों में भी चोरी की घटनाएं हुई हैं।
लगातार हो रही चोरियों से मझगांव क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि नियमित गश्ती नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं और कुछ घंटों के लिए घर बंद कर बाहर जाना भी सुरक्षित नहीं रह गया है।
लोगों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।