विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुमारडुंगी दोहरा हत्याकांड का खुलासा: 36 घंटे में 4 आरोपी गिरफ्तार, पेड़ काटने का विवाद बना हत्या की वजह

Published: Mon, 03 Aug 2026 10:43 PM (IST)

पुलिस ने पश्चिमी सिंहभूम के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड की गुत्थी महज 36 घंटे में सुलझा ली ...और पढ़ें

कुमारडुंगी थाने की पुलिस ने 36 घंटे में दोहरे हत्याकांड का किया खुलासा।

कुमारडुंगी थाने की पुलिस ने 36 घंटे में दोहरे हत्याकांड का किया खुलासा।

HighLights

  1. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा।

  2. नीम पेड़ काटने का विवाद और पुरानी रंजिश मुख्य कारण।

संसू, कुमारडुंगी। पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत गंडकिदा गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर सुलझा ली है। 
 
डोंका सिंकु और उनकी पत्नी गोरवारी सिंकु की बेरहमी से की गई हत्या के मामले में पुलिस ने गांव के ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
 

36 घंटे में खुलासे का ये रहा मुख्य कारण

चाईबासा में मामले की जानकारी देते हुए जगन्नाथपुर के एसडीपीओ रफायल मुर्मू ने बताया कि हत्याकांड का मुख्य कारण कुछ समय पूर्व नीम का पेड़ काटने को लेकर हुआ विवाद और पुरानी रंजिश है।

गिरफ्तार आरोपियों में विजय गागराई उर्फ रोडो (22), गिरधारी कोंडाकेल उर्फ भुकलू उर्फ दासो (28), चंद्रमोहन पूर्ति उर्फ दारा (25) और पांडू कोंडाकेल (36) शामिल हैं। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, पत्थर और डंडा भी बरामद कर लिया है।
 

मीट दुकान से शुरू हुआ था विवाद

मृतक के बेटे गोमेया सिंकु के अनुसार, अप्रैल माह के अंत में आरोपी गिरधारी कोंडाकेल नशे में धुत होकर एक मीट दुकान हटाने को लेकर धमकी दे रहा था। 
 
बीच-बचाव करने पर डोंका सिंकु के साथ उसका विवाद और मारपीट हुई थी, जिसके बाद से गिरधारी बदला लेने की ताक में था।
 
वहीं, नीम का पेड़ काटने से मना करने और मवेशी चराने को लेकर पुरानी रंजिश रखने वाले पांडू कोंडाकेल और चंद्रमोहन पूर्ति को भी इस साजिश में शामिल कर लिया गया।
 

घात लगाकर किया गया था जानलेवा हमला

घटना वाली शाम चारों आरोपियों ने रास्ते में घात लगाकर दंपती को घेरा। आरोपियों ने पहले डोंका सिंकु को पकड़कर गमछे से उसके हाथ बांध दिए और कान के पास कुल्हाड़ी से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

पति पर हमला होते देख जब गोरवारी सिंकु जान बचाकर भागने लगी, तो आरोपियों ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया और पत्थर व कुल्हाड़ी से वार कर उसकी भी निर्मम हत्या कर दी।

एसडीपीओ रफायल मुर्मू के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी दल ने त्वरित तकनीकी अनुसंधान व साक्ष्यों के आधार पर चारों आरोपियों को दबोचकर सलाखों के पीछे भेज दिया है।