मंत्रिमंडल में कोल्हान का हो विधायक को शामिल नहीं किए जाने पर मानकी मुन्डा संघ नाराज
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा कोल्हान क्षेत्र से एक भी हो समुदाय के विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किए जाने पर मानकी मुंडा संघ कोल्हान पोड़ाहाट ने हेमंत सोरेन के प्रति नाराजगी व्यक्त की है।
संवाद सहयोगी, चाईबासा : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा कोल्हान क्षेत्र से एक भी हो समुदाय के विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किए जाने पर मानकी मुंडा संघ कोल्हान पोड़ाहाट ने हेमंत सोरेन के प्रति नाराजगी व्यक्त की है। इस संबंध में मंगलवार को मानकी मुंडा संघ भवन में संघ द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिसमें संघ अध्यक्ष गणेश पाठ पिंगुवा ने कहा कि कोल्हान की जनता एवं संघ ने लोक सभा और विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर तक को कोल्हान पोड़ाहाट में नहीं चलने दिया। यही वजह है कि कोल्हान पोडाहाट में भाजपा का सुपड़ा साफ हो गया। हमें उम्मीद थी कि ऐतिहासिक जीत के बाद कोल्हान पोड़ाहाट से चुनाव जीतने वाले हो समुदाय के किसी एक विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।लेकिन हेमंत सोरेन ने हो समुदाय के एक भी विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया। हम चाहते हैं कि हो सामुदाय के विधायक को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जाए। संघ के केंद्रीय महासचिव रामेश्वर सिंह कुन्टिया ने कहा कि यदि 15 दिन के भीतर हो सामुदाय के किसी एक विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया जाता है तो आने वाले समय में हेमंत सोरेन के सभी कार्यक्रमों का बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही आने वाले 5 साल बाद होने वाले चुनाव में हेमंत सोरेन को कोल्हानवासी एवं संघ के लोग समर्थन नहीं देंगे।