विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएलएफआइ के नाम पर लेवी मांगने वाले दो अपराधी गिरफ्तार, देशी कट्टा-कारतूस और पर्चे बरामद; पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई

Published: Sun, 22 Nov 2026 08:00 PM (IST)

पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी जिले में पीएलएफआई के नाम पर लेवी मांगने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से देशी कट्टा, कारतूस और पीएलएफआई के पर्चे बरामद हुए हैं।

पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी जिले में प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआइ के नाम पर व्यवसायियों से लेवी मांगने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है।

पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी जिले में प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआइ के नाम पर व्यवसायियों से लेवी मांगने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है।

HighLights

  1. पीएलएफआई के नाम पर लेवी मांगने वाले दो गिरफ्तार।

  2. पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी में पुलिस की संयुक्त कार्रवाई।

जासं, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी जिले में प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआइ (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के नाम पर व्यवसायियों से लेवी मांगने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। 
 
पुलिस ने संयुक्त छापेमारी अभियान चलाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, पीएलएफआइ के तीन पर्चे, एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
 

तपकरा और आनंदपुर में लेवी मांगने की हुई थीं घटनाएं 

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को खूंटी जिले के तपकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कमड़ा मोड़ के पास स्थित एक आवासीय विद्यालय में तथा 15 नवंबर 2026 को पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के दौरान अपराधियों ने पीएलएफआइ का पर्चा फेंककर व्यवसायियों से लेवी की मांग की थी। 
 
इन घटनाओं के बाद तपकरा, रनिया और आनंदपुर थाना की पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ लगातार संयुक्त छापेमारी की जा रही थी।
 

गुप्त सूचना पर घेराबंदी, दो आरोपी दबोचे गए 

इसी क्रम में 21 नवंबर को खूंटी के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि तीन व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल से जयपुर-कैलौ की ओर से रनिया आ रहे हैं। 
 
सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। 
 
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और दो व्यक्तियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार, कारतूस और पीएलएफआइ के पर्चे बरामद हुए।
 

पूछताछ में कबूला जुर्म, अन्य की तलाश जारी 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खूंटी के रनिया थाना अंतर्गत कैलौ ग्राम निवासी संजू मांझी (24 वर्ष) और अंकुश बागे उर्फ दोन्दो (24 वर्ष) के रूप में हुई है। 
 
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उन्होंने तपकरा थाना कांड और आनंदपुर थाना कांड में भी शामिल होने की बात कही है।
 
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। 
 
इस छापेमारी दल का नेतृत्व तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार सिंह ने किया। टीम में अमित रोशन कुल्लू, श्यामल कुंभकार, प्रिंस, कैलाश उरांव सहित रनिया, तपकरा एवं आनंदपुर थाना के जवान शामिल थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।