छिन सकता है बच्चों का निवाला: अप्रैल 2026 से अटकी मिड-डे मील की राशि, 1 दिसंबर से थाली खाली रहने का संकट
जगन्नाथपुर प्रखंड के सरकारी स्कूलों में अप्रैल 2026 से मध्याह्न भोजन की राशि अटकी हुई है, जिससे प्रधानाध्यापक आर्थिक संकट में हैं।

जगन्नाथपुर प्रखंड के सरकारी विद्यालयों में अप्रैल 2026 से अब तक मिड-डे मील की राशि नहीं आने के कारण प्रधानाध्यापक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
HighLights
अप्रैल 2026 से मध्याह्न भोजन की राशि अटकी हुई है।
प्रधानाध्यापकों ने 1 दिसंबर से मिड-डे मील बंद करने की चेतावनी।
बीडीओ ने दो-तीन दिनों में पहल का आश्वासन दिया है।
संसू, जगन्नाथपुर। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले गरीब और ग्रामीण बच्चों की दोपहर की थाली पर अब गहरा संकट मंडराने लगा है।
जगन्नाथपुर प्रखंड के सरकारी विद्यालयों में अप्रैल 2026 से अब तक मध्याह्न भोजन योजना (मिड-डे मील) की राशि नहीं आने के कारण प्रधानाध्यापक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उधार और निजी संसाधनों से अब तक बच्चों की थाली सजाने वाले शिक्षकों का सब्र जवाब दे गया है।
सोमवार को प्रखंड के 70 प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों ने सामूहिक रूप से पत्र सौंपकर चेतावनी दी है।
इसमें कहा गया है कि यदि 30 नवंबर 2026 तक सरकारी खाते में राशि जमा नहीं कराई गई, तो एक दिसंबर 2026 से विद्यालयों में मध्याह्न भोजन का संचालन बंद करने के लिए वे बाध्य हो जाएंगे।
चेतावनी से शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप
प्रधानाध्यापकों की इस चेतावनी से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। शिक्षकों ने जिला शिक्षा अधीक्षक के नाम क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, जगन्नाथपुर को मांग पत्र सौंपा है।
पत्र पर प्रखंड के 70 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के हस्ताक्षर हैं, जो यह दर्शाता है कि यह समस्या किसी एक स्कूल की नहीं, बल्कि पूरे प्रखंड की सामूहिक पीड़ा बन चुकी है।
पत्र में कहा गया है कि मध्याह्न भोजन योजना की राशि उपलब्ध कराने में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है और बार-बार गुहार लगाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
बीडीओ ने दिया दो-तीन दिनों में पहल का आश्वासन
सोमवार को प्रधानाध्यापकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अंबिका कुमारी से भी मुलाकात कर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया। बीडीओ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दो से तीन दिनों के भीतर उचित पहल कराने का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन केवल एक समय का खाना नहीं है, बल्कि यह हजारों बच्चों की स्कूल में उपस्थिति, उनकी पढ़ाई और पोषण का सबसे बड़ा सहारा है।
ऐसे में आठ महीनों से राशि का सरकारी खाते में नहीं पहुंचना व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है। यदि समय रहते समाधान नहीं निकला, तो इसका सीधा असर मासूम बच्चों के निवाले और उनकी शिक्षा पर पड़ेगा।
मांग पत्र सौंपने वालों में मो. शमशेर आलम, भगवान सिंकू, सुष्मिता प्रधान, शिलावंती सिंकू, राजीव लोचन राठौर, मोनेश्वर पुरती, त्रिथानंद प्रधान, गीता गोप सहित कई प्रधानाध्यापक शामिल थे।