विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जगन्नाथपुर में शराब दुकान के सामने युवती से बदतमीजी का विरोध करने पर युवक का फोड़ा सिर

Published: Thu, 09 Jul 2026 10:41 PM (IST)

जगन्नाथपुर में शराब दुकान के सामने एक युवती से बदतमीजी का विरोध करने पर युवक पर बीयर की बोतल से ...और पढ़ें

शराब दुकान की प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

शराब दुकान की प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

HighLights

  1. युवक लक्ष्मण जेराई पर बीयर की बोतल से हमला।

  2. गंभीर घायल युवक सदर अस्पताल रेफर, पुलिस जांच जारी।

संवाद सूत्र, जगन्नाथपुर। पश्चिम सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के उरांवसाई स्थित सरकारी शराब दुकान के सामने गुरुवार देर शाम मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। 
 
नशे की हालत में एक युवती से ऊंची आवाज में बात करने का विरोध करने पर एक युवक पर बीयर की बोतल से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई के साथ भी मारपीट की गई।
 

युवती से धीरे बात करने की दी थी सलाह 

जानकारी के अनुसार, जुगीनंदा निवासी लक्ष्मण जेराई और उसका भाई कमलेश जेराई साप्ताहिक बाजार के सिलसिले में शराब दुकान के पास खड़े थे। इसी दौरान उरांवसाई निवासी बकाल कुजूर वहां एक युवती से बदतमीजी कर रहा था। 
 
लक्ष्मण जेराई ने जब उसे शालीनता से बात करने की सलाह दी, तो आगबबूला हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि बकाल कुजूर ने हाथ में ली हुई बीयर की बोतल लक्ष्मण के सिर पर दे मारी। 
 
बोतल लगते ही लक्ष्मण का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद उसकी पीठ पर भी वार किया गया। भाई को बचाने आए कमलेश को भी चोटें आईं।
 

घायल सदर अस्पताल रेफर, दोनों पक्षों के अपने दावे

लहूलुहान हालत में पीड़ित सीधे जगन्नाथपुर थाना पहुंचे, जिसके बाद एएसआई मनमथो प्रधान और हवलदार जागेश्वर मेहता ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने लक्ष्मण जेराई की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया है।

घटना के कुछ देर बाद आरोपी बकाल कुजूर भी इलाज के बहाने अस्पताल पहुंचा। उसने पुलिस के सामने अपना पक्ष रखते हुए दावा किया कि दोनों भाइयों ने पहले उसके बेटे के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद यह विवाद हुआ।

जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों का प्राथमिक उपचार कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।