हेमंत सोरेन विकास छोड़ ट्रांसफर-पोस्टिग में लगी : चित्रेसन
झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार पदाधिकारियों का ट्रांसफरपोस्टिग छोड़कर राज्य के बेरोजगारों के हित में काम करना शुरू करे।
जागरण संवाददाता, चाईबासा : झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार पदाधिकारियों का ट्रांसफर-पोस्टिंग छोड़कर राज्य के बेरोजगारों के हित में काम करना शुरू करे। वरन राज्य में तृणमूल कांग्रेस सरकार को उनके द्वारा किए गए वादे को याद दिलाने के लिए राज्यव्यापी आंदोलन करेगी। यह बातें जिला तृणमूल युवा कांग्रेस की ओर से आयोजित धरना- प्रदर्शन को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद चित्रसेन सिकु ने कही। धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश तृणमूल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सन्नी सिकु ने कहा कि राज्य सरकार चुनाव पूर्व बड़ी घोषणा की थी कि सत्ता में आते ही पांच लाख सरकारी नौकरी में झारखंडियों की नियुक्ति करेंगे। 25 करोड़ तक की राशि वाले सरकारी टेंडर में स्थानीय लोगों को अवसर दिया जाएगा। झारखंड में स्थापित पब्लिक व प्राइवेट कंपनी में 75 प्रतिशत स्थानीय बेरोजगारों को अवसर दिया जाएगा। सरकारी नौकरी में 50 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण प्रदान करने सहित दर्जनों वादा किये थे। लेकिन राज्य सरकार का एक वर्ष बीत चुका है पर उल्लेखित नौकरी पर अब तक बहाली का प्रक्रिया सरकार शुरू नहीं कर सकी। सरकार विशेष अभियान चलाकर अपने वादे को पूरा करे। जिला तृणमूल युवा कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त के द्वारा सात सूत्री मांग पत्र सौंपा। मौके पर अंसार अहमद, आकाश डे, संजय बिरुली, महेंद्र जामुदा, सुमंत ज्योति सिकु, जेम्स एडवर्ड सोय, शैली शैलेन्द्र सिकु, श्यामल कुमार सिन्हा, इंदुशेखर तिवारी, जगन्नाथ दिग्गी, विनीत लागुरी, चंद्रमोहन तांती, मंगल सरदार, रवि लोहार, जियाउल रहमान, मो.सलीम उर्फ भोला, अध्यक्ष विशाल कुमार निषाद, प्रसेनजीत दास, रवींद्र उरॉव समेत अन्य मौजूद थे।