रोमा जंगल में छात्रा का मिला शव
आनंदपुर थाना क्षेत्र के रोमा जंगल के रोमा कांडी ग्राम सीमा क्षेत्र के पास पानी से भरे गड्ढे में एक 16 वर्षीय छात्रा सुनीता कुमारी का शव मिला।
संवाद सूत्र, मनोहरपुर : आनंदपुर थाना क्षेत्र के रोमा जंगल के रोमा कांडी ग्राम सीमा क्षेत्र के पास पानी से भरे गड्ढे में एक 16 वर्षीय छात्रा सुनीता कुमारी का शव मिला। सुनीता बीते गुरुवार से लापता थी। छात्रा के हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शव मिलने की जानकारी मृतका के पिता कृपाल सिंह ने आनंदपुर थाना को दी। जंगल और नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण पुलिस शव तक नहीं पहुंच पाई है। संभवत: मंगलवार को शव बरामद किया जाएगा। इस संबंध में मनोहरपुर इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है। छानबीन के बाद हत्या के कारणों का पता चल पाएगा। जितेंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार से गुमशुदा छात्रा के बारे में परिजनों ने कोई जानकारी नहीं दी थी। गड्ढे में पानी होने के कारण शव की स्थिति काफी बिगड़ गई है। मामले की छानबीन चल रही है जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।