फ्यूज बांधने पोल पर चढ़ा बिजली मिस्त्री झुलसा
विद्युत स्पर्शाघात से बिजली मिस्त्री विश्राम लुगुन गंभीर रूप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए नोवामुंडी टिस्को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संवाद सूत्र, नोवामुंडी : विद्युत स्पर्शाघात से बिजली मिस्त्री विश्राम लुगुन गंभीर रूप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए नोवामुंडी टिस्को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे पावर सबग्रिड में काम के दौरान हुई। विश्राम लुगुन ने बताया कि वो मनोहरपुर प्रखंड के सिरका गांव का रहने वाला है। वह 10 मई 2017 से गीतराज इंटरप्राइजेज नामक ठेका कंपनी के अधीन काम कर रहा है। शुक्रवार को डांगोवापोसी व जगन्नाथपुर फीडर लाईन कटा हुआ था। वो विभागीय कर्मी अशोक गुप्ता के साथ मिलकर फ्यूज तार बांधने के लिए सब स्टेशन के भीतर चला गया। फ्यूज बांधने के पहले अशोक गुप्ता ने 33 हजार वाले हाई वोल्टेज स्विच को खोल दिया जबकि 11 हजार वाले हाई वोल्टेज स्विच को खोले बिना विश्राम लुगुन को फ्यूज तार बांधने के लिए खंभे पर चढ़ने का संकेत दे दिया। ब्रेकर व पैनल सही नहीं रहने के कारण खंभे पर चढ़ते समय हाई वोल्टेज तार की चपेट में आकर वह 10 फीट दूर जमीन पर जाकर गिर गया। उसके दोनों हाथ, दोनों पैर व छाती में गंभीर चोट लगी है। विश्राम लुगुन ने बताया कि ब्रेकर व पैनल पुराना होने के कारण सही ढंग से काम नहीं कर रहा है। इस कारण बार-बार फ्यूज उड़ जाता है।
दो बिजली कर्मी की पहले हो चुकी है मौत
इसके पहले हाल ही में दो बिजली कर्मियों की स्पर्शाघात से मौत हो चुकी है। इसमें बुधन¨सह हेंब्रम व दिनेश कुंडू का नाम शामिल है। बुधन¨सह हेंब्रम की इलाज के दौरान मौत हुई थी। जबकि दिनेश कुंडू का निधन शाम के समय क्रशर मशीन चलाने के लिए बिजली कनेक्शन देने के दौरान हो गई थी।