निजी विद्यालयों को टक्कर देने को तैयार हो रहा नगरपालिका बंग्ला आदर्श मवि
पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा शहर स्थित नगरपालिका बांग्ला मध्य विद्यालय में जिला प्रशासन की ओर से तमाम शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।
संवाद सहयोगी, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा शहर स्थित नगरपालिका बांग्ला मध्य विद्यालय में जिला प्रशासन की ओर से तमाम शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। अब इस विद्यालय की पहचान आदर्श विद्यालय के रूप में की जा रही है। विद्यालय में हिदी एवं अंग्रेजी माध्यम से छात्र-छात्राओं को शिक्षा प्रदान की जा रही है। विद्यालय के शिक्षकों द्वारा आसपास के क्षेत्र में रह रहे छात्र-छात्राओं को विद्यालय में नामांकन एवं शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस विद्यालय में निजी विद्यालय की तर्ज पर सारी व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक असीम कुमार सिंह ने कहा कि उपायुक्त अरवा राजकमल एवं उप विकास आयुक्त आदित्य रंजन के अथक प्रयास से इस विद्यालय का कायाकल्प किया गया है। विद्यालय में तमाम बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने का सारा श्रेय जिला प्रशासन को जाता है। इस विद्यालय में कक्षा विषयों के साथ कम्प्यूटर की शिक्षा के साथ-साथ पुस्तकालय, खेल सामग्री की भी व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि बंग्ला विद्यालय को आदर्श विद्यालय बनाया गया है, इसमें बेहतर शिक्षा दी जा रही है। विद्यालय की ओर से एक प्रोस्पेक्टस तैयार किया गया है, जिसको शिक्षकों के द्वारा आसपास के घरों में जाकर दिया जा रहा है। मिड टाइम में भी 40 से 50 बच्चों का नामांकन कर लिया गया है। पहले इस विद्यालय में 250 से 300 विद्यार्थी थे लेकिन वर्तमान समय में 400 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। बच्चों के ठहराव में भी बढ़ोत्तरी देखी गई है वर्तमान समय 75 से 80 प्रतिशत बच्चे विद्यालय में प्रत्येक दिन मौजूद रहते हैं। नए सत्र में बच्चों का ज्यादा से ज्यादा नामांकन करने का लक्ष्य रखा गया है।