दीवारों को बनाया कैनवास और उकेर दिए सपनों के रंग
पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की दीवारों पर बनी कलाकृति आने-जाने वाले सभी लोगों को आकर्षित कर रही हैं।
जागरण संवाददाता, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की दीवारों पर बनी कलाकृति आने-जाने वाले सभी लोगों को आकर्षित कर रही हैं। यह कलाकृति किसी कलाकार के द्वारा नहीं अपितु विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के द्वारा बनाया गया है। इन कलाकृतियों को देखकर शिक्षक एवं अन्य छात्राएं प्रभावित एवं चकित हैं। छात्राओं के चित्रकला को निखारने हेतु विद्यालय में पेंटिग क्लब की स्थापना कि गई है, जिसके लिए विद्यालय में चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित करवाई गई। विद्यालय में कलेक्टर्स फेलो के रूप में कार्यरत रश्मि रानी ने बताया कि विद्यालय की छात्राओं की प्रतिभा को निखारने हेतु विभिन्न तरह के प्रयोग किए जा रहे हैं। पेंटिग क्लब भी उसी प्रयोग का एक हिस्सा है। पेंटिग क्लब में शामिल छात्राएं दिवारों पर चित्रांकन करने को लेकर झिझक रही थीं लेकिन उप विकास आयुक्त आदित्य रंजन के उत्साहवर्धन एवं वार्डन पोलिना सुंडी से अनुमति मिलने के उपरांत छात्राओं ने विद्यालय कीदीवारों पर चित्रांकन का कार्य प्रारंभ किया। उप विकास आयुक्त ने छात्राओं को आश्वस्त किया है कि अगर चित्रांकन करने में छात्राओं के द्वारा कोई गलती होती है तो वह पुन: दीवारों का रंग-रोगन करवाएंगे।
पेंटिग क्लब में शामिल रवीना पूर्ति, मोनिका पूर्ति, कविता हेंब्रम एवं लक्ष्मी कुमारी शाम के वक्त अपने खाली समय में प्रतिदिन चित्रांकन का कार्य कर रही हैं, दीवारों पर इस चित्रांकन से विद्यालय के सौंदर्य में इजाफा हुआ है। छात्राओं के द्वारा पर्यावरण, जल संरक्षण, बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ व विद्यार्थी जीवन शैली जैसे विषयों पर दीवारों पर चित्रांकन किया गया है।