चक्रधरपुर में कुत्ते के काटने से सात लोग घायल, अनुमंडल अस्पताल में हुआ इलाज
चक्रधरपुर शहर में कुत्तों के आतंक से लोग परेशान हैं।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर : चक्रधरपुर शहर में कुत्तों के आतंक से लोग परेशान हैं। शहरी क्षेत्र में कुत्ते के काटने से आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं। जिनका अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर में इलाज कराया जा रहा है। चक्रधरपुर शहर के शहीद भगत सिंह चौक, वार्ड संख्या तीन पीएचइडी कॉलोनी तथा पोटका एवं अन्य जगहों पर लावारिस कुत्तों ने गुरुवार की सुबह कुल सात लोगों को काट कर घायल कर दिया। घायलों में युवतियां भी शामिल हैं। चक्रधरपुर के वार्ड संख्या तीन पीएचईडी कॉलोनी निवासी किरसेन गागराई, दांतीबेगुना निवासी आशा गागराई, पोटका निवासी शिवनाथ महतो, केरा निवासी समीर साहु, अंकित कुमार, प्रीति कुमारी व आंचल कुमारी को कुत्ते ने काटकर घायल किया है। सातों घायल इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर पहुंचे। जबकि होली त्योहार के दिन चक्रधरपुर शहर व आसपास के क्षेत्र में करीब 25 लोगों को कुत्ते ने काट कर घायल किया था। सभी का इलाज अनुमंडल अस्पताल में हो रहा है। इलाज के बाद उनकी हालत पहले से बेहतर है।