तमिलनाडु के रामानादपुरम में फंसे पश्चिमी सिंहभूम के दर्जनों श्रमिक
पश्चिमी सिंहभूम जिला के सोनुवा गोईलकेरा और टोंटो प्रखंड के दर्जनों श्रमिक तमिलनाडु के रामानादपुरम में फंसे हुए हैं।
संवाद सूत्र, सोनुवा : पश्चिमी सिंहभूम जिला के सोनुवा, गोईलकेरा और टोंटो प्रखंड के दर्जनों श्रमिक तमिलनाडु के रामानादपुरम में फंसे हुए हैं। इन श्रमिकों में सोनुवा के पुनीपदा के करमू मुंडा और मनु कुम्हार, कोचापुर के जयप्रकाश कुम्हार, विशाल कुम्हार, बसु कुम्हार और अभिषेक खण्डाईत, बालजोड़ी के जोगेंद्र कुम्हार और मदन कुम्हार, गोईलकेरा के धातकीडीह के गोमा कुम्हार, गोईलकेरा के गोविन सांडिल और कृष्णलाल अंगरिया, टोंटो के गार्दी लागुरी, जिन्दर लागुरी, बादुला लागुरी और गुना लागुरी शामिल हैं। ये श्रमिक जिला कलेक्टर ऑफिस के सामने बीएस कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करने गए थे और वहां 15 दिन काम भी किया। लेकिन लॉकडाउन में काम बंद होने के साथ ही बस-ट्रेन बंद हो जाने से सभी वहीं फंसे हुए हैं। श्रमिकों के मुताबिक साइट प्रोजेक्ट मैनेजर और इंजीनियर भी उनका फोन रिसीव नहीं कर रहे हैं। जिससे वे परेशान हैं। इन श्रमिकों ने जिला प्रशासन को संदेश भेजकर सहयोग मांगा है। साथ ही मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और सांसद गीता कोड़ा से भी मदद की गुहार लगाई है। जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद अब साइट प्रोजेक्ट मैनेजर द्वारा श्रमिकों को खाने-पीने का सामान दिया गया।
बिहार के नालंदा का युवक भटक कर आनंदपुर के हारता गांव पहुंचा
बिहार का युवक भटकता हुआ आनंदपुर प्रखंड अंतर्गत हारता पंचायत के रेंगोल्डा गांव पहुंच गया। युवक ने अपना नाम देवेंद्र मांझी पिता बनारस मांझी ग्राम पंचलोहा, अकबरपुर, थाना इस्लामपुर, नालंदा, बिहार बताया है। युवक ने बताया है कि वह पांच दिनों से गुदड़ी प्रखंड में भटकते हुए रेगोल्डा गांव पहुंच गया। ग्राम मुंडा पूरन सिंह गोप द्वारा सुरक्षित उसके घर तक पहुंचाने के आश्वासन के बाद उसे आनंदपुर थाना लाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
चक्रधरपुर वासियों के लिए पोड़ाहाट स्टेडियम में सब्जी मंडी
लॉकडाउन में लोगों को अब साग-सब्जी, फल आदि की खरीदारी के लिए यहां-वहां भटकना नहीं पड़ेगा। चक्रधरपुर नगर के पोड़ाहाट स्टेडियम में शनिवार से लोगों के लिए सब्जी मंडी लगनी शुरू हो गई है। यहां लोगों को सब्जी उपलब्ध कराई जा रही है। लोगों के साथ ही दुकानदारों ने भी यहां सामाजिक दायरा का अनुपालन किया। दुकानों के बीच सामाजिक दूरी रही।