चांदीपोश रेल यार्ड में बड़ी सेंधमारी: खड़े दो इंजनों से सात ईआरसी केबल चोरी, आरपीएफ थाने में केस दर्ज
चक्रधरपुर रेल मंडल के चांदीपोश यार्ड में खड़े दो इंजनों से सात ईआरसी केबल चोरी हो गए, जिससे रेलवे संपत्ति की सुरक्षा पर सवाल उठ गए हैं।

चांदीपोश रेल यार्ड में खड़े दो शटडाउन इंजनों से सात ईआरसी केबल चोरी होने का मामला सामने आया है।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत चांदीपोश रेल यार्ड में खड़े दो शटडाउन इंजनों से सात ईआरसी केबल चोरी होने का मामला सामने आया है।
इस संबंध में चांदीपोश आरपीएफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यार्ड के भीतर हुई इस चोरी की घटना ने एक बार फिर रेल संपत्तियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों मालगाड़ियां बीते 23 नवंबर को शाम 5:10 बजे चांदीपोश रेल यार्ड की लाइन संख्या तीन पर पहुंची थीं।
इसके बाद शाम 7:40 बजे दोनों इंजनों को शटडाउन कर वहीं खड़ा कर दिया गया था। पांच दिन बाद 28 नवंबर को सुबह 11:42 बजे जब चालक दल ड्यूटी पर पहुंचा और इंजनों की नियमित जांच की, तो पाया कि दोनों इंजनों से सात ईआरसी केबल काटकर चोरी कर ली गई हैं।
घटना की पुष्टि होने के बाद मालगाड़ी संख्या एन/पीएम एसबी के लोको पायलट ने दोपहर करीब 12 बजे स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से बिमलगढ़ आरपीएफ पोस्ट के अधीन आने वाले बिमलगढ़, पाटासाही और बरसुआ रेलवे स्टेशनों के आसपास कथित अवैध कोयला कारोबार को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते रहे हैं।
ऐसे में रेल यार्ड में खड़े इंजनों से केबल चोरी की घटना ने निगरानी तंत्र की कार्यप्रणाली को फिर कठघरे में खड़ा कर दिया है। फिलहाल आरपीएफ के सामने आरोपियों की पहचान कर चोरी गई रेल संपत्ति की बरामदगी करने की चुनौती है।