रेल अफसरों के पास राशन कार्ड! चक्रधरपुर मंडल के 2321 कर्मियों की सूची से मची हलचल, अपात्रों को लौटाना होगा कार्ड
चक्रधरपुर रेल मंडल में 2321 रेलकर्मियों, जिनमें 15 राजपत्रित अधिकारी भी शामिल हैं, के पास सरकारी राशन कार्ड पाए गए हैं।

रेलवे बोर्ड के निर्देश पर इन सभी को अपने राशन कार्ड सरेंडर करने होंगे ताकि अपात्रों को योजना से बाहर किया जा सके।
HighLights
चक्रधरपुर मंडल में 2321 रेलकर्मियों के पास राशन कार्ड।
15 राजपत्रित अधिकारी भी सरकारी राशन कार्ड धारकों में शामिल।
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर कार्ड सरेंडर करने होंगे।
जासं, चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल में सरकारी राशन कार्ड धारकों को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। रेलवे की ओर से सूची जारी की गई है।
इसके अनुसार, मंडल के 15 गजेटेड अधिकारियों समेत कुल 2321 रेल अधिकारियों और कर्मचारियों के पास सरकारी राशन कार्ड होने की जानकारी दर्ज की गई है।
सूची में वाणिज्य विभाग के सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी और परिचालन विभाग के सीनियर डीओएम दीपक मुर्मू समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल होने से पूरे रेल मंडल में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने राशन कार्ड सरेंडर करने होंगे
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत राशन कार्ड धारक रेलकर्मियों का व्यापक स्तर पर सत्यापन किया जा रहा है।
बोर्ड के आदेशानुसार, सूची में शामिल संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने राशन कार्ड सरेंडर करने होंगे। कार्ड सरेंडर करने के पश्चात उन्हें एक निर्धारित प्रपत्र भरकर विभाग में जमा करना होगा, ताकि इसकी आधिकारिक पुष्टि हो सके।
रेलवे प्रशासन का मुख्य उद्देश्य अपात्र लाभुकों को सरकारी राशन योजना से बाहर करना है, जिससे वास्तविक जरूरतमंदों और गरीबों तक इस योजना का लाभ सुगमता से पहुंच सके।
सूची में शामिल 15 गजेटेड अधिकारी
रेलवे द्वारा जारी इस सूची में मंडल के 15 राजपत्रित (गजेटेड) अधिकारियों के नाम शामिल हैं। इनमें सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी, एसीएम राकेश कुमार बरनवाल, कार्मिक विभाग के एपीओपी ज्योतिष्वरा राव, इंजीनियरिंग विभाग के एएक्सईएन राजेश कुमार हैं।
इइसके अलावा आरपीएफ के असिस्टेंट सिक्योरिटी कमिश्नर मोहम्मद कलीमुद्दीन खान, डीएसटीई जितेश कुमार सपावत और एडीएमई महेंद्र महंत के नाम प्रमुख हैं।
साथ ही, सीनियर डीओएम दीपक मुर्मू, एईएन कमलेश कुमार सिंह, डिप्टी सीपीएम सुधीर कुमार, एडीईएन राजेश कुमार वर्मा, रेलवे स्कूल के हेडमास्टर ओमपाल सिंह, डीएसटीई अनिल कुमार, सीनियर पब्लिक प्रॉसिक्यूटर आलोक कुमार पांडे और एडीएमओ अश्वनी कुमार के नाम भी सूची में दर्ज हैं।
2306 नॉन-गजेटेड कर्मचारी भी दायरे में
गजेटेड अधिकारियों के अलावा शेष 2306 नॉन-गजेटेड रेलकर्मी भी इस सूची में शामिल हैं। इनमें लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, आरपीएफ जवान, ट्रैक मेंटेनर, पॉइंट्समैन, टीटीई, स्टेशन मास्टर, तकनीशियन, कमर्शियल क्लर्क और विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारी शामिल हैं।
रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में करीब 1.82 लाख रेल अधिकारी और कर्मचारी सरकारी राशन योजना से जुड़े पाए गए हैं।
हालांकि, रेलवे अधिकारियों का मानना है कि सूची में नाम होना सीधे तौर पर नियम उल्लंघन का अंतिम प्रमाण नहीं है। संबंधित कर्मचारियों की वास्तविक पात्रता और राशन कार्ड की वर्तमान स्थिति का सत्यापन आवश्यक है।
फिलहाल, रेलवे बोर्ड के इस सख्त निर्देश के बाद मंडल में राशन कार्ड सरेंडर करने और पात्रता जांच की प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।