स्त्री रोग वार्ड में अचानक गिरी फॉल सीलिंग, मची अफरा-तफरी; दस साल पुराने भवन की छत पर रिसाव के निशान से बढ़ी चिंता
चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल के स्त्री रोग वार्ड में अचानक फॉल सीलिंग गिरने से अफरा-तफरी मच गई, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ।

शनिवार सुबह अस्पताल के प्रथम तल स्थित स्त्री रोग वार्ड में अचानक फॉल सीलिंग का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा।
HighLights
चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल के स्त्री रोग वार्ड में फॉल सीलिंग गिरी।
घटना में कोई हताहत नहीं, पर मरीजों और स्टाफ में दहशत।
दस साल पुराने भवन की गुणवत्ता और रखरखाव पर गंभीर सवाल।
जासं, चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल के भवन की निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
शनिवार सुबह अस्पताल के प्रथम तल स्थित स्त्री रोग वार्ड में अचानक फॉल सीलिंग का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। घटना के समय वार्ड में मरीज और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि, अचानक हुई इस घटना से वार्ड में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों, परिजनों तथा स्वास्थ्यकर्मियों में दहशत व चिंता का माहौल बन गया।
छत पर दरारें और पानी के रिसाव के निशान
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह तेज आवाज के साथ फॉल सीलिंग का हिस्सा टूटकर गिरा। निरीक्षण के दौरान फॉल सीलिंग के आसपास कई स्थानों पर दरारें नजर आईं।
इसके अलावा छत पर पानी के रिसाव के निशान भी मिले हैं, जिससे भवन की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। सवाल यह है कि छत से पानी का रिसाव क्यों हो रहा है और समय रहते इसकी मरम्मत क्यों नहीं कराई गई।
दस साल में ही गुणवत्ता पर सवाल
गौरतलब है कि रेलवे अस्पताल के इस भवन का निर्माण लगभग दस वर्ष पहले करोड़ों रुपये की लागत से किया गया था। निर्माण के बाद से ही इसकी गुणवत्ता को लेकर समय-समय पर शिकायतें आती रही हैं।
इससे पहले अस्पताल की दीवारों पर लगे पंखों के गिरने जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। अब फॉल सीलिंग गिरने की घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और नियमित रखरखाव की व्यवस्था पर नए सिरे से सवाल खड़े कर दिए हैं।