विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चाईबासा में दुर्गा पूजा के बीच ठग गिरोह सक्रिय, मंदिर के पास महिला को बातों में उलझाकर उड़ाए सोने के जेवर

Published: Sun, 18 Oct 2026 12:02 PM (IST)

चाईबासा में दुर्गा पूजा के दौरान एक महिला को बातों में उलझाकर सोने के जेवर ठग लिए गए। पुलिस ने ...और पढ़ें

महिला को बातों में उलझाकर उड़ाए सोने के जेवर (एआई जेनेटेड तस्वीर)

महिला को बातों में उलझाकर उड़ाए सोने के जेवर (एआई जेनेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. चाईबासा में महिला से सोने के जेवर की ठगी।

  2. दुर्गा पूजा के दौरान मंदिर के पास हुई घटना।

  3. पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, चाईबासा। दुर्गापूजा के दौरान बाजारों और मंदिरों के आसपास खरीदारी व पूजा-पाठ के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ने के बीच ठगी करने वाले भी सक्रिय हैं। चाईबासा में बातचीत में उलझाकर एक महिला से सोने के जेवरात ठगने का मामला सामने आया है। 

चाईबासा सदर थाना क्षेत्र के टुंगरी स्थित बालाजी अपार्टमेंट निवासी अनीता अग्रवाल (56) को झांसे में लेकर ठगी की गई। घटना 17 अक्टूबर की सुबह करीब 9:20 बजे गौरी हनुमान मंदिर के पास की है। पीड़िता की शिकायत पर सदर थाना में तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

कविता और डॉक्टर का जिक्र कर जीता भरोसा

प्राथमिकी के अनुसार, अनीता अग्रवाल सुबह गौरी हनुमान मंदिर के पास से गुजर रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और बातचीत शुरू कर दी। बातचीत के क्रम में आरोपितों ने कविता नाम की एक महिला और डॉक्टर का जिक्र किया। इस तरह उन्होंने धीरे-धीरे पीड़िता का भरोसा जीत लिया और उन्हें अपनी बातों में उलझा लिया।

आरोप है कि महिला के विश्वास में आने के बाद आरोपितों ने उन्हें झांसे में लेकर सोने के जेवरात उतरवा लिए। ठगी का एहसास होने तक आरोपित मौके से निकल चुके थे। इसके बाद पीड़िता ने सदर थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) और 318(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक अजीत होनहागा को सौंपी गई है। पुलिस आरोपितों की पहचान करने और घटना के पूरे घटनाक्रम का पता लगाने में जुटी है।

त्योहार में खरीदारी करते समय रहें सतर्क

दुर्गापूजा के दौरान बाजारों, मंदिरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। अनजान व्यक्ति अगर अचानक बातचीत शुरू करे, किसी परिचित महिला या डॉक्टर का नाम लेकर भरोसा जीतने की कोशिश करे अथवा किसी बहाने से गहने उतारने को कहे, तो सावधान रहें। 

किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने सोने के जेवरात या कीमती सामान बिल्कुल न उतारें और न ही उसके हवाले करें।

ऐसी स्थिति में बिना देर किए वहां से हट जाएं और आसपास मौजूद लोगों की मदद लें। किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। थोड़ी-सी सतर्कता त्योहार की खुशियों को ठगी और आर्थिक नुकसान में बदलने से बचा सकती है।

यह भी पढ़ें- समरसता एक्सप्रेस में लाश मिलने से हड़कंप, टॉयलेट में फंदे से लटका मिला यात्री