भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट: चाईबासा में आज केजी से पांचवीं तक की कक्षाएं स्थगित, शिक्षकों को आना होगा स्कूल
पश्चिमी सिंहभूम जिले में चक्रवात 'अकवान' के संभावित प्रभाव और भारी बारिश की आशंका के चलते जिला प्रशासन ने केजी से पांचवीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ाई स्थगित कर दी है।

जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में केजी से लेकर पांचवीं तक की कक्षाएं बंद रहेंगी।
HighLights
चक्रवात अकवान के प्रभाव से पश्चिमी सिंहभूम में बारिश की आशंका।
केजी से पांचवीं तक के स्कूलों में पढ़ाई स्थगित की गई।
शिक्षकों को स्कूल आकर गैर-शैक्षणिक कार्य करने होंगे।
जासं, चाईबासा। चक्रवात ‘अकवान’ के संभावित प्रभाव से पश्चिमी सिंहभूम जिले में मूसलाधार बारिश और तेज हवा चलने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है।
इसके तहत शुक्रवार, 20 नवंबर को जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में केजी से पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई स्थगित रहेगी।
इस संबंध में जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) कार्यालय की ओर से गुरुवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), झारखंड केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में पश्चिमी सिंहभूम जिले को 'ऑरेंज जोन' में रखा गया है।
मौसम विभाग ने जिले में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। छोटे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त के निर्देश पर कक्षाएं स्थगित करने का यह निर्णय लिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक विद्यालयों सहित) और निजी स्कूलों में केजी से लेकर पांचवीं तक की कक्षाएं बंद रहेंगी।
हालांकि, यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए है। विद्यालय के सभी शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों को निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचना अनिवार्य होगा।
उन्हें विद्यालय में अपनी बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करानी होगी और इस दौरान गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा।
जिला शिक्षा अधीक्षक ने जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
प्रशासन ने अभिभावकों से भी खराब मौसम के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।