केंद्र सरकार झारखंड के साथ कर रही सौतेला व्यवहार : त्रिशानु राय
केंद्र सरकार की ओर से झारखंड राज्य का 1418 करोड़ रुपये काटे जाने पर विरोध स्वरूप पश्चिम सिंहभूम जिले के कांग्रेसियों ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में बैठक कर प्रतिक्रिया व्यक्त की।
जासं, चाईबासा : केंद्र सरकार की ओर से झारखंड राज्य का 1418 करोड़ रुपये काटे जाने पर विरोध स्वरूप पश्चिम सिंहभूम जिले के कांग्रेसियों ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में बैठक कर प्रतिक्रिया व्यक्त की। सांसद प्रतिनिधि त्रिशानु राय ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से झारखंड के साथ किया जा रहा व्यवहार निंदनीय है। केंद्र सरकार संघीय ढांचे को तोड़ने और बर्बाद करने में लगी है। कश्मीर, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु राज्य पर 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक बकाया है, पर उन राज्यों से ऐसी कटौती नहीं की गई है। जब से राज्य में गठबंधन की सरकार बनी है, तब से भाजपा लगातार झारखंड को बर्बाद करने की साजिश में लगी है। अनुसूचित जाति चेयरमैन कमल लाल राम ने कहा कि भाजपा को राज्य की जनता ने 12 सांसद दिए हैं। उन सभी सांसदों के मुंह पर ताला लटका हुआ है। बैठक में पूर्व प्रखंड अध्यक्ष भीष्म मुंडा, बुद्धदेव सुंडी, सतीश चंद्र कोया, राज कुमार दास, लोपो देवगम, सुशील कुमार दास आदि उपस्थित थे।