कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं : डॉ. मनोज झा
संवाद सहयोगी, चाईबासा : जहां पेड़-पौधे रहते हैं वहां हरियाली बनी रहती है। इन पेड़-पौधो
संवाद सहयोगी, चाईबासा : जहां पेड़-पौधे रहते हैं वहां हरियाली बनी रहती है। इन पेड़-पौधों की ऊर्जा से मनुष्य को शुद्ध हवा मिलती है। पौधे लगाने के साथ ही इसकी सेवा जैसे मां अपने बच्चे को शिशु से लेकर 10 से 12 वर्ष तक करती है। ठीक उसी तरह इन पौधों की सुरक्षा मात्र पांच वर्ष अगर कर दी जाए तो पेड़ में फल लगना शुरू हो जाएगा। यह बातें दैनिक जागरण की ओर से आयोजित कोल्हान इंटर कॉलेज चालियामा में पौधरोपण करने के दौरान डायरेक्टर सह प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा ने कही। उन्होंने दैनिक जागरण की इस पहल को बहुत-बहुत धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि अगर सभी लोग इसी तरह जागरूक हो जाएं तो हमारे देश में पर्यावरण की कोई दिक्कत नहीं होगी। लेकिन इसके लिए सभी को पहल करनी पड़ेगी। डॉ. झा ने स्कूल में अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं से कहा कि अपने-अपने घरों में कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं। आज फलदार पौधा लगाओगे तो कल उसमें निश्चित फल लगेंगे। यह फल जब आप लोग बड़े हो जाएंगे तो आपको आज का दिन याद दिलाएंगे। मौके पर इस्टीम पब्लिक स्कूल चलियामा की प्राचार्य शीला ने कहा कि पेड़-पौधे ही हमें जीवित रखे हैं। जिस दिन ये पेड़-पौधे समाप्त हो जाएंगे, उस दिन हम सभी का जीवन भी समाप्त हो जाएगा। इसलिए हमें शुद्ध हवा लेने के लिए सबसे पहले पेड़-पौधों को लगाकर उनकी सेवा करनी होगी। कभी-कभी ऐसा देखा जाता है कि कोई नई सड़क निकल रही है या पुरानी सड़क चौड़ीकरण करना है तो उस रास्ते में जितने भी पेड़ आते हैं ठेकेदार की ओर से उसे पूरी तरह काट दिया जाता है। जबकि सड़क बनने के बाद फिर से सड़क किनारे पौधा लगाना होता है लेकिन ऐसा बहुत कम ही देखने को मिलता है। जबकि सरकार जब भी सड़क का एग्रीमेंट करे तो उसके साथ पौधे लगाने का भी जिक्र उसी एग्रीमेंट में होना चाहिए। इस मौके पर प्रो. एसके झा, अमित मोदक, प्रशांत मुखर्जी, शकीब सलीम, सदन सर, सोनी, कंचन, आदित्य सहित बड़ी संख्या में स्कूल के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।