विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चाईबासा में शराब से लदी पिकअप पलटी, बोतलें बिखरते ही लूटने पहुंचे लोग; 209 पेटियां चकनाचूर

Published: Fri, 23 Oct 2026 08:25 PM (IST)

चाईबासा-चक्रधरपुर मार्ग पर खूंटपानी गांव के पास शराब से लदा एक पिकअप वाहन पलट गया, जिससे 209 पेटियां सड़क पर बिखर गईं और बोतलें टूट गईं।

शराब से लदी पिकअप पलटी। (वीडियो ग्रैब)

शराब से लदी पिकअप पलटी। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. चाईबासा में शराब से लदा पिकअप वाहन असंतुलित होकर पलटा।

  2. सड़क पर बिखरी 209 पेटियां, बोतलें टूटकर चकनाचूर हुईं।

  3. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शराब लूटने से लोगों को रोका।

जागरण संवाददाता, चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम)। चाईबासा-चक्रधरपुर मार्ग पर शुक्रवार की देर शाम खूंटपानी गांव के पास शराब से लदा एक पिकअप वाहन असंतुलित होकर पलट गया।

वाहन पलटते ही उसमें लदी बीयर और अंग्रेजी शराब की 209 पेटियां सड़क पर बिखर गईं। बोतलें गिरकर चकनाचूर हो गईं।

हादसे के बाद मौके पर जुटे कुछ स्थानीय युवक शराब की बोतलें लूटने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस के पहुंचते ही उनकी मंशा पर पानी फिर गया।

पिकअप पलटने की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय खूंटपानी गांव के कई लोग घटनास्थल पर जुटे थे। कुछ युवक सड़क पर बिखरी शराब की बोतलें उठाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें डांटकर मौके से हटा दिया, जिससे स्थिति को संभाला जा सका।

टुंगरी से चक्रधरपुर और मनोहरपुर जा रही थी शराब

उत्पाद विभाग के पदाधिकारियों के अनुसार, पिकअप वाहन पर चाईबासा के टुंगरी स्थित गोदाम से शराब लोड की गई थी। इसे चक्रधरपुर के इतवारी बाजार और मनोहरपुर पहुंचाया जाना था।

इसी दौरान खूंटपानी गांव के पास वाहन असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में बीयर और अंग्रेजी शराब की पेटियां सड़क पर गिर गईं। बोतलें टूटने से शराब की बड़ी खेप बर्बाद हो गई।

उत्पाद विभाग के पदाधिकारी ने बताया कि हादसे में लाइसेंसधारी को करीब आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। यदि शराब का बीमा कराया गया होगा तो नुकसान की भरपाई में कुछ राहत मिल सकती है। अन्यथा लाइसेंसधारी को पूरी क्षति स्वयं उठानी पड़ेगी।

यह भी पढ़ें- चाईबासा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कट्टा-चापड़ के बल पर आतंक फैलाने वाला अपराधी गिरफ्तार, हथियार बरामद