चाईबासा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कट्टा-चापड़ के बल पर आतंक फैलाने वाला अपराधी गिरफ्तार, हथियार बरामद
पश्चिम सिंहभूम पुलिस ने हथियार के बल पर लूटपाट, गोलीबारी और चोरी के प्रयास से जुड़े तीन मामलों में एक आरोपी अनिल चातर को गिरफ्तार किया है।

आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पश्चिम सिंहभूम के विभिन्न क्षेत्रों में तीन बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था।
HighLights
पश्चिम सिंहभूम पुलिस ने एक अपराधी को किया गिरफ्तार।
आरोपी अनिल चातर पर लूटपाट, गोलीबारी के आरोप।
पुलिस ने अपराधी के पास से हथियार बरामद किया।
जासं, चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिले में हथियार के बल पर लूटपाट, गोलीबारी और चोरी के प्रयास से जुड़े तीन सनसनीखेज मामलों का उद्भेदन करते हुए पुलिस की विशेष छापेमारी टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पड़ोसी राज्य ओडिशा के क्योंझर जिले के बड़बिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ठकुरानी टांकुरा निवासी 26 वर्षीय अनिल चातर उर्फ अनिल मुंडा उर्फ बच्चा के रूप में हुई है।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है। आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पश्चिम सिंहभूम के विभिन्न क्षेत्रों में तीन बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था।
जेटेया थाना क्षेत्र के कोटगढ़ चौक के पास 5 अक्टूबर की शाम विभीषण तिरिया अपनी मोटरसाइकिल रोककर फोन पर बात कर रहे थे।
इस दौरान पल्सर बाइक पर सवार बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और विरोध करने पर कट्टे से फायरिंग कर दी। गोली कान के पास से छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। इस संबंध में 6 अक्टूबर को जेटेया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
नोवामुंडी थाना क्षेत्र स्थित पचायसाई में रुपेश ठाकुर के मुर्गी फार्म में बदमाशों ने घुसकर सुरक्षा गार्ड को हथियार के बल पर बंधक बनाने का प्रयास किया।
रुपये नहीं मिलने पर दराज को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इस मामले में 6 अक्टूबर को नोवामुंडी थाना में केस दर्ज हुआ था। तांतनगर थाना क्षेत्र में 6 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा निवासी इमामुद्दीन अंसारी की गर्दन पर चापड़ रखकर 6 हजार रुपये नकद और खाने-पीने का सामान लूट लिया गया था।
इस मामले में 8 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इन वारदातों के त्वरित उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर किरीबुरू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था।
टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अनिल चातर को दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर कांड में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
इस विशेष छापेमारी दल में किरीबुरू और जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के अलावा नोवामुंडी अंचल निरीक्षक बासुदेव मुंडा, रितेश कुमार सिंह, नयन कुमार सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
