विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चाईबासा में भ्रष्टाचार की पोल खोलती सड़क, निर्माण के 1 साल में ही दरकने लगी कुजू नदी की नई पुलिया

Published: Wed, 14 Oct 2026 03:05 PM (IST)

चाईबासा की कुजू नदी पर बनी नई पुलिया निर्माण के एक साल के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ और पुराने पुल पर दबाव बढ़ गया।

1 साल में ही दरकने लगी कुजू नदी की नई पुलिया

1 साल में ही दरकने लगी कुजू नदी की नई पुलिया

HighLights

  1. चाईबासा की नई कुजू पुलिया एक साल में क्षतिग्रस्त।

  2. निर्माण गुणवत्ता और ठेकेदार की जवाबदेही पर प्रश्नचिह्न।

  3. पुराने पुल पर बढ़ा भारी वाहनों का दबाव।

जागरण संवाददाता, चाईबासा। चाईबासा की कुजू नदी पर बनी नई पुलिया निर्माण के महज एक साल के भीतर ही क्षतिग्रस्त होने लगी है। पुलिया के ज्वाइंट के पास छोटी-छोटी दरारें पड़ने के बाद इसे आवागमन के लिए बंद करना पड़ा। 

मरम्मत के लिए ठेकेदार की ओर से चार दिनों तक पुलिया के दोनों ओर मिट्टी डालकर रास्ता बंद रखा गया। इससे निर्माण की गुणवत्ता और मजबूती पर सवाल उठने लगे हैं। नई पुलिया बंद होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और पुराने पुल पर दबाव बढ़ गया। खासकर भारी वाहनों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

संबंधित एजेंसी की जवाबदेही पर सवाल

स्थानीय लोगों के लिए यह स्थिति चिंता का विषय है, क्योंकि नई पुलिया का निर्माण सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया था। पुलिया के एक साल के भीतर क्षतिग्रस्त होने से निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री, कार्य की गुणवत्ता और संबंधित एजेंसी की जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं। 

हालांकि, क्षति के वास्तविक कारणों का पता तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा। मरम्मत के बाद रास्ता दुरुस्त कर दिया गया है, लेकिन पुराने पुल पर बढ़ा दबाव अब भी चिंता का विषय बना हुआ है। इस मार्ग से बड़ी संख्या में लौह अयस्क लदे वाहन रुंगटा स्टील प्लांट तक माल लेकर जाते हैं। 

पुराने पुल पर भारी वाहनों का दबाव 

पहले दोनों पुलों से वाहनों की आवाजाही होने के कारण दबाव बंट जाता था, लेकिन नई पुलिया बंद होने से पुराने पुल पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में यातायात प्रबंधन और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

यह भी पढ़ें- South Eastern Railway का फैसला: गिधनी स्टेशन पर स्टील, इस्पात व रांची-हावड़ा इंटरसिटी को मिला 2 मिनट का स्टॉपेज