चाईबासा में खौफनाक वारदात: पत्नी की हत्या कर घर के फर्श में गाड़ा शव, बेटियों के संदेह पर खुला राज
पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में एक पति पर अपनी 40 वर्षीय पत्नी गुरुवारी हांसदा की हत्या कर शव को घर के फर्श में गाड़ने का गंभीर आरोप लगा है।

बेटियों के शक के बाद पुलिस ने घर से सड़ा-गला शव बरामद कर आरोपी पति राम हांसदा को हिरासत में ले लिया है।
HighLights
पति ने पत्नी की हत्या कर शव घर में गाड़ा।
बेटियों के शक पर पुलिस ने शव बरामद किया।
आरोपी पति राम हांसदा पुलिस हिरासत में, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है।
पांड्रासाली थाना क्षेत्र के केयाड़चालान पंचायत अंतर्गत तुंगी गांव में एक कलयुगी पति पर अपनी 40 वर्षीय पत्नी गुरुवारी हांसदा की हत्या कर उसका शव घर के अंदर ही जमीन में गाड़ने का गंभीर आरोप लगा है।
पुलिस ने घर के एक कमरे की जमीन खुदवाकर महिला का सड़ा-गला शव बरामद कर लिया है। इस मामले में आरोपी पति राम हांसदा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल को सील कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका गुरुवारी हांसदा पिछले चार दिनों से रहस्यमय तरीके से गायब थीं। जब वे गांव में कहीं नजर नहीं आईं, तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई।
उन्होंने फोन के जरिए इसकी सूचना महिला की शादीशुदा बेटियों को दी। सूचना मिलते ही बेटियां अपने मायके पहुंचीं और घर की छानबीन शुरू की।
घर की दीवारों पर जगह-जगह खून के सूखे निशान देखकर उनका माथा ठनका। जब उन्होंने अपने पिता राम हांसदा से मां के बारे में पूछा, तो वह गोलमोल जवाब देने लगे और कमरे का ताला खोलने के लिए चाबी भी नहीं दे रहे थे, जिससे बेटियों का शक गहरा गया।
बेटियों के अनुसार, मां का मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। शक होने पर उन्होंने स्थानीय ग्रामीण मुंडा को पूरे मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ तुंगी गांव पहुंची और घर को अपने कब्जे में लेकर तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान पुलिस को एक कमरे की जमीन पर संदेह हुआ, जिसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जमीन की खुदाई की गई।
खुदाई के दौरान जमीन के भीतर से गुरुवारी हांसदा का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति राम हांसदा को हिरासत में ले लिया।
मृतका की बेटी नागेश्वरी जागरई ने बताया कि उनके माता-पिता घर में अकेले रहते थे। वे कुल तीन बहनें और दो भाई हैं। तीनों बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों भाई बाहर रहकर काम करते हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों भाई भी गांव के लिए रवाना हो चुके हैं। बेटी ने आरोप लगाया कि उनके पिता कोई कामकाज नहीं करते थे और घर पर ही रहते थे, जबकि उनकी मां ही परिवार के भरण-पोषण की व्यवस्था करती थीं।
हालांकि, पति-पत्नी के बीच किसी पुराने विवाद की बात से उन्होंने फिलहाल अनभिज्ञता जताई है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और साक्ष्य संकलन हेतु पूरे घर को सील कर दिया है।
शुरुआती पूछताछ के दौरान आरोपी पति ने पुलिस को बरगलाने की कोशिश करते हुए अजीब दावा किया है। उसने कहा कि उसकी पत्नी की मौत बीमारी के कारण हुई थी, जिसके बाद उसने शव को घर के अंदर ही दफना दिया।
हालांकि, गले और शरीर पर मिले चोट के निशानों व अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर चल रही है। महिला की मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
