होमगार्ड जवानों ने घेरा विधायक निरल पुरती का आवास, दिया धरना
झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन की पश्चिम सिंहभूम जिला समिति की ओर से रविवार को अपनी विभिन्न मांगों के समाधान के लिए विधायक निरल पुरती के आवास चेड़ेया पहाड़ी गांव में धरना दिया गया।
संवाद सूत्र, तांतनागर : झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन की पश्चिम सिंहभूम जिला समिति की ओर से रविवार को अपनी विभिन्न मांगों के समाधान के लिए विधायक निरल पुरती के आवास चेड़ेया पहाड़ी गांव में धरना दिया गया। धरना-प्रदर्शन के समय विधायक निरल पुरती दुमका के उप चुनाव प्रचार में थे। इसके बावजूद समिति के जवान धरना में बैठ गए। समिति की मुख्य मांगों में बिहार राज्य की तर्ज पर प्रति दिवस 500 की जगह 774 रुपये दिए जाए। जवानों की काम के दौरान मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये की जगह 4 लाख दिया जाए। बिहार में राज्य सरकार के सभी विभागों में सुरक्षा कार्य हेतु केवल होमगार्ड के जवानों को प्रतिनियुक्त किया जाता है। जबकि झारखंड में ज्यादातर सरकारी संस्थानों में निजी सुरक्षा गार्ड से काम लिया जाता है। इस कारण झारखंड के होमगार्ड जवानों को नियमित रूप से ड्यूटी नहीं मिलती है जिससे उनके परिवार के समक्ष भुखमरी की स्थिति पैदा होती है। वे चाहकर भी अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दे नहीं पाते हैं। बीमार होने पर इलाज नहीं करा पाते परिवार के लिए बचत नहीं कर पाते और सेवानिवृत्ति के बाद तो एक साधारण ग्रामीण के समान भी नहीं रह पाते हैं। धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष चरण चातर, कार्यकारी अध्यक्ष प्रताप बिरुवा, जिला सचिव नानू सामड, उप सचिव शिव शंकर गोप सहित करीब 500 से अधिक होमगार्ड के महिला-पुरुष जवान मौजूद थे।