BREAKING : चाईबासा सामूहिक दुष्कर्म का खुलासा थोड़ी देर में, ग्रामसभा में युवकों ने कबूली बात, आरोपित गिरफ्तार
चाईबासा सामूहिक दुष्कर्म कांड का खुलासा थोड़ी ही देर में चाईबासा पुलिस करेगी। बताया जा रहा है कि इस घटना के दस आरोपित में छह आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस को यह सफलता ग्रामीणों के माध्यम से मिली है।
जासं, चाईबासा : चाईबासा पुलिस थोड़ी देर में आदिवासी साफ्टवेयर इंजीनियर युवती के साथ हुए सामूहिक दुराचार का खुलासा करने की जा रही है। पुलिस को ग्रामसभा के माध्यम से ये आरोपित मिले हैं। बताया जा रहा है कि इसमें अब तक छह लोगों को गिरफ्तारी हो चुकी है। चाईबासा के एयरपोर्ट के बगल में सालीहातू गांव है। बताया जा रहा है कि वहीं के युवकों न इस घटना को अंजाम दिया। वे लोग फुटबाल मैच खेलकर लौट रहे थे। इस घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी ने इसकी सूचना गांव के मुंडा को दी। मुंडा ने शनिवार की रात इस मामले में ग्रामीणाें की बैठक बुलाई। इस बैठक में छह युवकों ने सामूहिक दुराचार की बात कबूली है। गांव के मुंडा ने इसकी जानकारी चाईबासा पुलिस को दी। चाईबासा एसपी आशुतोष शेखर शाम पांच बजे इस घटना में हुई गिरफ्तारी व अन्य बातों की जानकारी देंगे। मालूम हो कि 20 अक्टूबर को चाईबासा के पुराना एयरपोर्ट में आदिवासी युवती के साथ दस युवकों ने सामूहिक दुराचार किया था।