यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Chaibasa: चाईबासा में सुरक्षाबलों को उड़ाने की साजिश नाकाम, 10 IED बरामद, तीन नक्सल सहयोगी गिरफ्तार
IED Seized In Chaibasa चाईबासा पुलिस ने नक्सलियों द्वारा लगाये गए 10 आईईडी बम को किया बरामद है। वहीं तीन ...और पढ़ें

चाईबासा, जागरण संवाददाता: नक्सलियों के खिलाफ कोल्हान के जंगल में चलाए जा रहे अभियान के दौरान शनिवार को सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के द्वारा लगाये गये 10 आईईडी बम सहित 3 नक्सली समर्थकों को भी गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अशुतोष शेखर ने कहा कि 10 दिसंबर से ही नक्सलियों के शीर्ष नेताओं के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
शनिवार को भी चाईबासा पुलिस, सीआरपीएफ 60 बटालियान की ओर से संयुक्त अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गोइलकेरा थाना के ईचाहातु से इचागोड़ा जाने वाली जंगली रास्ते गुटुसाई टोला के समीप पगडंडी पर भाकपा माओवादी नक्सली संगठन द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाए गए 10 आईईडी बम को बरामद कर उसी स्थान पर विनष्ट कर दिया गया।
नक्सल सहयोगियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
वहीं, इसमें संलिप्त नक्सलियों की गिरफ्तारी एवं कांड के उदभेदन के लिए सहायक पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व मे एक टीम का गठन किया गया, जिसमें काण्ड के अप्राथमिकी अभियुक्त बान्डई पुर्ति उर्फ उर्फ संजय पुर्ति उम्र 26 वर्ष, गांव काशीजोड़ा वर्तमान साईचागोड़ा वनग्राम, कोना पुर्ति उम्र 30 वर्ष गांव गोईबेड़ा, वर्तमान गांव ईथागोड़ा वनग्राम व कोना पुर्ति उम्र करीब 45 वर्ष, गांव काशीजोड़ा, वर्तमान गांव ईचागोड़ा वनग्राम सभी थाना गोईलकेरा सिंहभूम चाईबासा के निवासी हैं, जिन्हें सुरक्षा बलों ने गोइलकेरा के गितिलिपी चौक से गिरफ्तार किया गया है। सभी ने नक्सलियों को सहयोग करने में अपनी संलिप्तता स्वीकार ही है। तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
10 आईईडी बम बरामद करने के बाद सुरक्षा बलों के हौसलें काफी बुलंद है। नक्सली पिछले 10 दिन से सुरक्षा बलों को टारगेट कर आईईडी बम ब्लास्ट करते हुए नुकसान पहुंचा रहे थे, लेकिन शनिवार को सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के लगाये आईईडी बम व नक्सल सहयोगी को गिरफ्तार कर नक्सलियों को बैकफुट पर धकेल दिया है। इस अभियान में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कपिल चौधर, सीआरपीएफ 60 बटालियन के सहायक समादेष्टा संजित कुमार, गोइलकेरा थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, गिरधारी कुमार साव, नंदकिशोर सिंह, सैट 57 सशस्त्र बल एवं सीआरपीएफ 60 बटालियन के सशस्त्र बल शामिल थे।
