प्रमिला पात्रो ने दो अनाथ बच्चों को चाईल्ड लाईन को सौंपा
जैंतगढ़ के शक्ति रूपा महिला समिति की अध्यक्ष प्रमिला पात्रो के प्रयास से शुक्रवार को जैंतगढ़ के रंगामाटी टोला के दो अनाथ बच्चों झरना नायक (10) व शिबू नायक (6) को चाईल्ड लाईन चाईबासा को सौंप दिया गया।
संवाद सूत्र, जैंतगढ़ : जैंतगढ़ के शक्ति रूपा महिला समिति की अध्यक्ष प्रमिला पात्रो के प्रयास से शुक्रवार को जैंतगढ़ के रंगामाटी टोला के दो अनाथ बच्चों झरना नायक (10) व शिबू नायक (6) को चाईल्ड लाईन चाईबासा को सौंप दिया गया। दोनों बच्चों का पिता बोड़ो नायक मां व बच्चों को छोड़कर बारिपदा चला गया और दूसरी शादी करके वहीं रह गया। बच्चों की मां भी जब छोटे बच्चे ने दूध पीना छोड़ दिया तो वह दोनों बच्चों को छोड़कर दूसरे गांव चली गई और दूसरी शादी करके घर बसा लिया। तब से बच्चे अनाथ हो गए थे। बच्चों के दादा-दादी किसी तरह बच्चों की परवरिश कर रहे थे। इस बीच दादी के देहांत के बाद दादा दोनों बच्चों की देखभाल करने मे असमर्थ होने लगे। उनकी माली हालत भी अच्छी नहीं है। उन्होंने महिला समिति की अध्यक्ष प्रमिला पात्रो से हाल बताया। पात्रो ने इसकी जानकारी चाईल्ड लाईन चाईबासा को दी। सूचना पाकर शुक्रवार को चाईल्ड लाईन के सदस्य जैंतगढ़ पहुंचे तथा प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद बच्चों को चाईबासा ले गए।