चाईबासा ब्लड बैंक की व्यवस्था में बदलाव: अब रांची से जांच होकर तीन दिनों में मिलेगा रक्त, मरीजों को बड़ी राहत
चाईबासा सदर अस्पताल के ब्लड बैंक की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब रक्त की जांच के लिए ...और पढ़ें

चाईबासा सदर अस्पताल स्थित रक्त अधिकोष केंद्र (ब्लड बैंक) की व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
HighLights
रक्त जांच के लिए अब केवल नमूना रांची भेजा जाएगा।
पूरा रक्त जमशेदपुर भेजने की पुरानी प्रक्रिया समाप्त हुई।
मरीजों को अब तीन दिनों के भीतर रक्त उपलब्ध होगा।
जासं, चाईबासा। चाईबासा सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक (रक्त अधिकोष केंद्र) की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब रक्त की जांच के लिए पूरी रक्त की थैली जमशेदपुर भेजने की आवश्यकता नहीं होगी।
इसके स्थान पर केवल रक्त का नमूना रांची भेजा जाएगा। रांची में जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद रक्त अधिकतम तीन दिनों के भीतर चाईबासा सदर अस्पताल को उपलब्ध करा दिया जाएगा।
इस नई व्यवस्था से जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। अब तक चाईबासा ब्लड बैंक में संग्रहित रक्त की थैलियां जांच और आवश्यक प्रक्रिया के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजी जाती थीं।
एक सप्ताह के बजाय अब तीन दिनों में मिलेगा रक्त
वहां से जांच रिपोर्ट और रक्त वापस चाईबासा पहुंचने में करीब एक सप्ताह का समय लग जाता था। इस लंबी प्रक्रिया के कारण स्थानीय स्तर पर रक्त की उपलब्धता अक्सर प्रभावित होती थी।
नई व्यवस्था के तहत केवल नमूना रांची भेजे जाने से पूरी रक्त की थैली दूसरे शहर भेजने की मजबूरी खत्म हो गई है। इससे समय की भारी बचत होगी और मरीजों को जल्द से जल्द सुरक्षित रक्त मिल सकेगा।
जिले में रोजाना 20-25 यूनिट रक्त की है जरूरत
पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्रतिदिन औसतन 20 से 25 यूनिट रक्त की आवश्यकता होती है। दुर्घटना पीड़ितों, गर्भवती महिलाओं, ऑपरेशन कराने वाले मरीजों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती रहा है।
जिले में जिला प्रशासन द्वारा हर महीने की 8 और 24 तारीख को नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं।
इसके अलावा, रोटरी क्लब चाईबासा और कई अन्य सामाजिक संस्थाएं भी शिविर लगाकर रक्त संग्रह में पूरा सहयोग करती हैं।
हालांकि, पहले जांच और प्रसंस्करण के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता के कारण समय पर रक्त मिलने में देरी हो जाती थी।
रोटरी क्लब चाईबासा ने इस समस्या को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को पत्र लिखकर ब्लड बैंक में आधुनिक मशीनें और प्रशिक्षित तकनीकी स्टाफ की व्यवस्था करने की मांग भी की थी।
नई व्यवस्था लागू होने से न केवल प्रशासनिक प्रक्रिया आसान होगी, बल्कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों की जान बचाने में भी मदद मिलेगी।