अब चाईबासा से सीधे आरा तक करें सफर
अब चाईबसा से आरा तक आप सीधा सफर कर सकेंगे। छह अक्टूबर से चाईबासा से आरा के लिए सीधी एयर कंडीशन डीलक्स बस सेवा शुरू हो रही है।
जागरण संवाददाता, चाईबासा : अब चाईबसा से आरा तक आप सीधा सफर कर सकेंगे। छह अक्टूबर से चाईबासा से आरा के लिए सीधी एयर कंडीशन डीलक्स बस सेवा शुरू हो रही है। अभी तक आरा के लिए चाईबासा से सीधी बस सेवा नहीं थी। बस चाईबासा से शाम 4.30 बजे खुलेगी और आरा अगले दिन सुबह सात बजे पहुंच जाएगी। इसमें कुल 65 सीटें होंगी। 20 स्लीपर हैं और शेष 45 पुश बैक सीटें होंगी। यह बस वाया चक्रधरपुर, खूंटी, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बरही, शेरघाटी, औरंगाबाद, डिहरी, सासाराम, विक्रमगंज, पिरो होकर आरा जाएगी। पीरो से बनारस 70 किलोमीटर, छपरा व पटना 50-50 किलोमीटर की दूरी पर पड़ेगा। जिन यात्रियों को बनारस छपरा व पटना जाना होगा वे पिरो में उतरकर अन्य साधन से अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
मनीला-रगबी बस सेवा के संचालक मो. बारिक ने बताया कि हम लोग इसे बनारस तक चलाना चाहते थे मगर उत्तर प्रदेश से अनुमति अभी तक नहीं मिली है। इस वजह से आरा तक इस सेवा को शुरू किया गया है। बनारस, भभुआ, बक्सर व गोरखपुर जाने वाले यात्रियों को भी इस बस सेवा के शुरू होने से सुविधा मिलेगी। दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर चाईबासा वासियों के लिए यह एक बड़ा तोहफा है। मालूम हो कि चाईबासा से लंबी दूरी की सीधी रेल सेवा नहीं होने के कारण अधिकतर लोग बस से ही सफर करते हैं। उनके लिए यह राहत वाली खबर है।