महिला के ऑपरेशन को उपलब्ध कराया रक्त
चक्रधरपुर प्रखंड के सुरबुड़ा पंचायत के आराहांगा ग्राम निवासी महिला उत्तरा देवी उम्र 40 वर्ष के बच्चेदानी का ऑपरेशन होना है।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर : चक्रधरपुर प्रखंड के सुरबुड़ा पंचायत के आराहांगा ग्राम निवासी महिला उत्तरा देवी उम्र 40 वर्ष के बच्चेदानी का ऑपरेशन होना है। महिला का ब्लड ग्रुप ए पॉजिटिव है। महिला के ऑपरेशन के लिए ओम नर्सिंग होम के डॉक्टर एलके साहु ने चार यूनिट ब्लड की आवश्यकता बताई। डॉक्टर ने महिला का जल्द से जल्द ऑपरेशन कराने की बात कही। ऑपरेशन नहीं होने के कारण महिला के शरीर से काफी रक्तस्त्राव होता था। ब्लड डोनर क्लब ने सोशल साइट के माध्यम से रक्तदाताओं से रक्तदान करने का अनुरोध किया। जिसके पश्चात धीरज कुमार पंडा ने एक यूनिट रक्तदान किया। जबकि सुमिता होता फाउंडेशन की ओर से दो यूनिट रक्त की व्यवस्था की गई। अब उत्तरा देवी का ऑपरेशन ओम नर्सिंग होम में किया जा सकेगा। उत्तरा देवी का ऑपरेशन आयुष्मान योजना के तहत किया जाएगा।