आदित्यपुर में खरकाई नदी में मिला युवक का शव, गुरुवार से था लापता; प्रतियोगी परीक्षा की कर रहा था तैयारी
आदित्यपुर के सालडीह खरकाई नदी घाट पर शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की ...और पढ़ें

सालडीह खरकाई नदी घाट पर मिला युवक का शव। जागरण
HighLights
सालडीह खरकाई नदी घाट पर मिला युवक का शव।
मृतक की पहचान सुमित कुमार मंडल, धनबाद निवासी के रूप में।
जागरण संवाददाता, आदित्यपुर (सरायकेला)। आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सालडीह खरकाई नदी घाट पर शुक्रवार सुबह एक युवक का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सुबह नदी घाट पर शव तैरता देख स्थानीय लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। स्थानीय वार्ड 13 के पार्षद शांतनु कुमार को इसकी सूचना दी गई, जिन्होंने तुरंत आदित्यपुर थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से निकालकर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
मृतक की पहचान धनबाद निवासी सुमित कुमार मंडल के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, सुमित आदित्यपुर-2 स्थित आरआईटी थाना क्षेत्र के रोड नंबर 24 में अपने एक दोस्त के साथ किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह गुरुवार से अचानक लापता हो गया था।
काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो उसके मित्र ने आरआईटी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी शुक्रवार सुबह सुमित का शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों और दोस्तों तक पहुंची, मातम छा गया।
छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। आदित्यपुर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।
