लाभुकों की शिकायत पर नहीं हुई पीडीएस दुकानदार पर कार्रवाई
मनोहरपुर के जन वितरण प्रणाली के दुकानदार गायत्री महिला मंडल महुलडीहा द्वारा लाभुक राशन कार्डधारियों के कोटे से प्रति कार्ड 3 से 4 किलो राशन काट कर दिए जाने से राशन कार्डधारियों सहित ग्रामीणों में पीडीएस दुकानदार के प्रति नाराजगी व्याप्त है।
संवाद सूत्र, मनोहरपुर : मनोहरपुर के जन वितरण प्रणाली के दुकानदार गायत्री महिला मंडल महुलडीहा द्वारा लाभुक राशन कार्डधारियों के कोटे से प्रति कार्ड 3 से 4 किलो राशन काट कर दिए जाने से राशन कार्डधारियों सहित ग्रामीणों में पीडीएस दुकानदार के प्रति नाराजगी व्याप्त है। राशन दुकानदार के इसी रवैये को लेकर लाभुकों ने अंचलाधिकारी सह प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मनोहरपुर को लिखित शिकायत की थी। जिसके बाद कार्डधारियों को निर्देश दिया गया था कि ग्रामसभा कर जो फैसला हो, वह लिखित लाकर दें। ग्रामसभा में सर्वसम्मति निर्णय लिया गया कि गायत्री महिला मंडल के पदाधिकारियों को बदला जाए। जिसमें अध्यक्ष शांति महतो, सचिव अनिता महतो, कोषाध्यक्ष मंजू कोड़ा का चयन कर अंचल अधिकारी को ग्रामसभा ने सूचित किया। इस मौके पर उन्होंने बैंक खाता नए चयनितों के नाम करने का निर्देश दिया। उसी आधार पर नए चयनित अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष के नाम बैंक खाता खोलकर कागजात जमा कर दिया। परंतु अभी तक कोई कार्रवाई नही की गई। ऊपर से पुन: गायत्री महिला मंडल के पुराने अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष को ही राशन वितरण की जिम्मेदारी दी गई है। जिससे नाराज राशन कार्डधारियों ने उक्त मामले में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की भूमिका पर सवाल खड़ा करते हुए मुख्यमंत्री को पत्राचार किया है।
कार्डधारियों का मांग है कि गायत्री महिला मंडल के पुराने अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष के जगह नए चयनित मंडल के अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष को जन वितरण प्रणाली के दुकान की जिम्मेदारी दी जाए। जिससे लाभुकों को नियमित उचित वजन से राशन मिल सके।