चिरिया के मजदूरों की मांग 20 प्रतिशत बोनस
संवाद सूत्र, मनोहरपुर : नोहरपुर ओर माइंस चिरिया के सप्लाई मजदूर पूजा में 20 प्रतिशत बोनस की मांग कर रहे हैं। नहीं तो आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं।
संवाद सूत्र, मनोहरपुर : मनोहरपुर ओर माइंस चिरिया के सप्लाई मजदूर पूजा में 20 प्रतिशत बोनस की मांग कर रहे हैं। नहीं तो आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं। शनिवार को झारखंड मजदूर संघर्ष संघ गुवा-चिरिया के अध्यक्ष रामा पांडेय ने मजदूरों संग बैठक कर उनकी मांगें व समस्या सुनीं। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस पर ठेका कंपनी एनएसपीएल के पदाधिकारी से बात करेंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि मजदूर 20 प्रतिशत बोनस के नीचे नहीं मानेंगे। ठेकेदार कंपनी इस बार भी दुर्गा पूजा में 8.33 प्रतिशत ही बोनस दे रही है। बोनस के मुद्दे पर ठेकेदार द्वारा वार्ता के लिए राउरकेला बुलाया जा रहा है, पर मजदूर चाहते हैं कि वह चिरिया आए। मजदूरों ने ठेका कंपनी एनएसपीएल द्वारा शोषण करने की शिकायत की। बताया कि उनको काम के लिए फेस नहीं दिया जा रहा है, टनेज में कटौती हो रही है, समय पर पेमेंट नहीं मिल रहा है। जो मजदूर चमचागिरी व दलाली करते हैं, उन्हें हर सुविधा मिलती है। बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 मजदूरों को जिन्हें काम नहीं दिया जा रहा है, उन्हें तत्काल काम दिया जाए। मजदूरों की मांगो को ठेकेदार नहीं मानता है, तो सभी ठेका मजदूर व बेरोजगार युवा संयुक्त रूप से जोरदार आंदोलन करेंगे। बैठक में चारकू पान, रामचन्द्र नाग, करम दयाल, फ्रांसिस हंस, दीपक मुंडारी, दंगुर जामुदा, रांगो भेंगरा, रमेश तांती, जूरा टूटी समेत दर्जनों मजदूर शामिल थे। बोनस में कटौती कर हक मारने की कोशिश की जा रही है। जिसका मजदूर संघर्ष संघ जोरदार विरोध करता है। मजदूरों को 20 फीसद बोनस देना ही होगा। सेल मैनेजमेंट सप्लाई मजदूरों को भी छंटनी करने का प्रयास करती है, तो सभी मजदूर भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।
-रामा पांडेय
अध्यक्ष, झारखंड मजदूर संघर्ष संघ, गुवा-चिरिया।