बड़बिल में वृद्ध दंपती पर जानलेवा हमला
संवाद सूत्र, बड़बिल :
बड़बिल नगरपालिका अंतर्गत वार्ड संख्या-12 के चटाई हाटिंग में अपराधियों ने एक दंपती पर जमकर कहर बरपाया। तीन अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर पत्नी को जान से मार दिया जबकि पति को खून से लथपथ मरने के लिए छोड़ दिया। जख्मी व्यक्ति का नाम मोटाय गोप है। उसकी उम्र 60 वर्ष है। इस हमले में मारी गयी औरत का नाम सुनीता गोप है। उसकी उम्र 50 वर्ष बतायी गयी। मोटाय ने बताया कि शुक्रवार की रात वह अपनी पत्नी के साथ घर पर आराम कर रहा था। इसी दौरान दरवाजे पर दस्तक हुई। खोलने पर देखा कि तीन बदमाश अपना चेहरा ढंक कर खड़े थे। जब तक उसे कुछ समझ आता तब तक तीनों ने उस पर हमला कर दिया। उसके सिर पर वार करने के बाद पत्नी पर वार किया। इस प्रहार में पत्नी की मौत हो गयी जबकि वह खुद बुरी तरह जख्मी हो गया। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वह लोग मौके पर पहुंचे तो औरत मर चुकी थी। मोटाय जख्मी हालत में पड़ा था। सरकारी अस्पताल में इलाज के बाद उसका बयान लिया गया है। घटना का कारण टोना-टोटका लग रहा है। हमने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर