विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नाबालिग को झांसा देकर तमिलनाडु ले जा रहा यूपी का युवक सिमडेगा में गिरफ्तार

Published: Mon, 13 Jul 2026 05:22 PM (IST)

सिमडेगा पुलिस ने मानव तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए एक नाबालिग लड़की को तमिलनाडु ले जा रहे उत्तर प्रदेश के युवक को गिरफ्तार किया।

सिमडेगा में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी।

सिमडेगा में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी।

HighLights

  1. सिमडेगा पुलिस ने मानव तस्करी के प्रयास को विफल किया।

  2. पीड़िता के गांव की किशोरी भी साजिश में शामिल पाई गई।

संसू सिमडेगा । झारखंड के सिमडेगा जिला अंतर्गत कोलेबिरा थाना क्षेत्र से मानव तस्‍कर एक नाबालिग को बहला-फुसलाकर तमिलनाडु के तिरुपुर ले जा रहे थे। 
 
सिमडेगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस रैकेट का भंडाफोड़ किया और उत्तर प्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही, इस साजिश में शामिल पीड़िता के ही गांव की एक किशोरी को भी पुलिस ने हिरासत में ल‍िया है।
 

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने एक प्रेस वार्ता के दौरान मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में कहा गया था कि कोलेबिरा की एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर तमिलनाडु के तिरुपुर ले जाया जा रहा है। 
 
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अहातु थाना पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को दबोच लिया। पुलिस ने नाबालिग पीड़िता को भी उनके चंगुल से सकुशल बरामद कर लिया है।
 

यूपी का रहने वाला है मुख्य आरोपी अनुज

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी अनुज वर्मा के रूप में हुई है। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि पीड़िता के ही गांव की एक अन्य नाबालिग किशोरी इस अपराध में अनुज की मददगार थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी हिरासत में लिया है।

पीड़िता के पिता की लिखित शिकायत के आधार पर कोलेबिरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने जुवेनाइल जस्टिस अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने कहा कि मानव तस्करी और नाबालिगों के शोषण से जुड़े मामलों में सिमडेगा पुलिस पूरी गंभीरता और जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ काम कर रही है। 
 
इस रैकेट के सभी पहलुओं और संभावित कड़ियों की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।