सिमडेगा में पहले 'मुफ्त में नशा' कराकर बनाते थे आदी, फिर करवाते थे तस्करी; 11 धंधेबाज गिरफ्तार
सिमडेगा पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें
HighLights
सिमडेगा पुलिस ने 11 ब्राउन शुगर तस्करों को दबोचा।
युवाओं को मुफ्त नशा देकर तस्करी में शामिल करते थे।
8.3 ग्राम ब्राउन शुगर और अन्य सामान बरामद।
मुकेश कुमार, सिमडेगा। ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ सिमडेगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केलाघाघ डैम के समीप बुधराटोली में छापेमारी कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से 8.3 ग्राम ब्राउन शुगर, 10 मोबाइल फोन, एक वजन मशीन, दो लाइटर और 150 पारदर्शी प्लास्टिक पाउच बरामद किए गए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवाओं को नशे की लत लगाकर उन्हें अवैध कारोबार से जोड़ने वाले नेटवर्क के संकेत मिले हैं। इन गिरफ्तार लोगों में सिमडेगा और गुमला के युवक शामिल हैं।
500 रुपये प्रति पुड़िया करते थे बिक्री
वरीय पुलिस उपाधीक्षक रणवीर सिंह ने बताया कि 19 अक्टूबर को मिली सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे के निर्देश पर टीम गठित कर छापेमारी की गई। पूछताछ में सामने आया कि कुछ आरोपित गुमला निवासी दीपक कुमार से करीब तीन हजार रुपये प्रति ग्राम की दर से ब्राउन शुगर खरीदते थे।
इसके बाद इसे छोटी पुड़ियों में बांटकर 500 रुपये प्रति पुड़िया बेचने की बात सामने आई है। पुलिस इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और आपूर्ति के स्रोत का पता लगा रही है।
मुफ्त में नशा कराकर युवाओं को फंसाने का आरोप
प्रारंभिक पूछताछ में ब्राउन शुगर के कारोबार का चिंताजनक तरीका सामने आया है। पुलिस के मुताबिक युवाओं को पहले मुफ्त में नशा कराया जाता है। धीरे-धीरे लत लगने के बाद उन्हें नशे की पुड़िया खरीदने के लिए पैसे खर्च करने पड़ते हैं। जब पैसे की कमी होने लगती है, तो कुछ युवा अपनी जरूरत पूरी करने के लिए खुद भी खरीद-बिक्री के धंधे में शामिल हो जाते हैं। पुलिस इस नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
पहले भी जेल जा चुका है विवेक साहू
वरीय पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार विवेक साहू पहले भी ब्राउन शुगर से जुड़े मामले में जेल जा चुका है। उसके विरुद्ध सिमडेगा थाना कांड संख्या 62/2026 का उल्लेख किया गया है। ताजा मामले में सिमडेगा थाना कांड संख्या 140/26, दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी), 27 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपितों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों और युवाओं की गतिविधियों पर नजर रखने तथा उन्हें नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की है। नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की जानकारी मिलने पर नजदीकी थाने को सूचित करने का आग्रह किया गया है।
