दीपावली पर जली दीपों की श्रृंखला, दूर हुआ अंधियारा
सिमडेगा : अंधकार पर जीत का पर्व दीपावली जिले भर में पूरी श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
सिमडेगा : अंधकार पर जीत का पर्व दीपावली जिले भर में पूरी श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर जहां एक ओर दीये की रोशनी से पूरा वातावरण जगमग होता रहा, तो आतिशबाजियों से पूरा आसमान भी प्रकाशमान होता रहा। बच्चे व युवकों ने जमकर आतिशबाजी की। इधर दीपावली को लेकर पूरा शहर दुल्हन की तरह सजा नजर आया। घर, प्रतिष्ठान में दीपों व विद्युत लरियों की रोशनी से जगमगाहट बनी रही। दिवाली को लेकर घर-घर में तैयारी की गई थी, लोग सुबह से ही पर्व की तैयारी में जुटे रहे। लोगों ने सुबह में जहां फूल-पती के साथ-साथ पूजन सामग्री जुटाने में व्यस्त रहे। महावीर चौक में तो फूल-पती के कई दुकान लग गए थे। जहां लोगों ने खरीदारी की। इधर प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। केले के स्तंभ एवं बांस का इस्तेमाल कर मंडप सजाया गया। जहां शाम होते ही दीप प्रज्ज्वलित किए गए। शाम में शहर में जलते दीपों की कांति लोगों को खूब आकर्षित करते रही। लोगों ने अपने घर के छज्जों पर पंक्ति में सजाकर दीप प्रज्ज्वलित किया। इधर दीप प्रज्वलित होते ही आतिशबाजियों का दौर शुरू हो गया। जो देर रात्रि तक चलता रहा। लोगों ने दीपावली के मौके पर एक दूसरे के घरों में जाकर बधाई दी। वहीं अतिथियों का स्वागत मिठाई व अन्य पकवान खिलाकर किया गया। ---धन की अधिष्ठात्री की हुई आराधना
दीपावली पर्व के मौके पर धन की अधिष्ठात्री मां लक्ष्मी की पूजा-आराधना श्रद्धा एवं भक्ति पूर्वक की गई। श्रद्धालुओं ने अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही लोगों ने लेखनी एवं कुबेर जी की भी पूजा अर्चना की। पूजनापरांत आरती की गई एवं प्रसाद का वितरण किया गया। इधर गुलजार गली में भव्य पंडाल में मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है। यहां पंडाल को आकर्षक विद्युत लरियों व बल्ब से सजाया गया है। नीचे बाजार में दुर्गा मंडप में मां काली की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है।