भ्रष्टचार के विरुद्ध करें शिकायत, होगी कार्रवाई : लोकायुक्त
सिमडेगा भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन कार्यक्रम के तहत झारखंड के लोकायुक्त न्यायमूर्ति डीएन
सिमडेगा : भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन कार्यक्रम के तहत झारखंड के लोकायुक्त न्यायमूर्ति डीएन उपाध्याय शनिवार को सिमडेगा पहुंचे। जिले की उपायुक्त विप्रा भाल एवं पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार ने लोकायुक्त का स्वागत किया। भ्रष्टाचार के विरूद्ध जिलावार मुहिम शिविर कार्यक्रम के तहत लोकायुक्त ने नगर भवन में लोगों से संवाद किया। शिविर के माध्यम से भ्रष्टाचार को खत्म करने की पहल करते हुए लोकायुक्त ने कहा कि सरकारी योजनाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ लोगों को जागरूक होना होगा। साथ ही इसको जड़ से खत्म करने के लिए हर समाज के लोगों को आगे आकर इस मुहिम में शामिल होना होगा। शिविर में लोकायुक्त द्वारा सभी मामलों को गंभीरता पूर्वक सुना गया तथा उस पर विशेष दिशा-निर्देश दिया गया तथा शिकायत दर्ज कराने वाले लोगों को आश्वासन दिया गया कि जिन विभागों, अधिकारियों व संस्थाओं के बारे में शिकायतें आई हैं। उस पर शीघ्र लोकायुक्त स्तर से जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी। लोकायुक्त डीएन उपाध्याय ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आप भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं। यदि भ्रष्टाचार के खिलाफ सूचना व साक्ष्य आते हैं तो लोकायुक्त के कार्यालय तक पहुंचाने की कोशिश करें। ऐसा करने से भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं पर रोक लगाई जा सकती है। लोकायुक्त ने बताया कि कानून 1973 का है, जो एकीकृत बिहार से ही लागू किया गया है, इस कानून को कारगर बनाने के लिए आम लोगों को जागरूक होने साथ ही इसे व्यवहार में कैसे लाया जाये इस बार बल देने की जरूरत है। मुख्यमंत्री व न्यायालय को छोड़कर किसी भी अधिकारी, संस्था, विभाग, सरकारी व गैर सरकारी संस्था में भ्रष्टाचार हो रहा है तो लोग इसकी शिकायतें लोकायुक्त कार्यालय में दर्ज करवा सकते हैं। कार्यक्रम में दूर दराज इलाकों से भी भारी संख्या में लोग शिकायतें लेकर आए थे।